Movie prime

Bikaner Congress : कल्ला-यशपाल की अगुवाई में निकलेगा पैदल मार्च, कलेक्ट्रेट पर होगा मटका फोड़ प्रदर्शन

 

RNE Bikaner.

बीकानेर में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के साथ शहर की बिगड़ी बिजली-पानी व्यवस्था को लेकर कांग्रेस 29 मई को बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला और पूर्व जिला अध्यक्ष यशपाल गहलोत के नेतृत्व में होने वाले इस प्रदर्शन को लेकर शहर कांग्रेस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

कांग्रेस ने इसे आमजन के मुद्दों की लड़ाई बताते हुए भाजपा सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जनआक्रोश का प्रदर्शन बताया है। शहर कांग्रेस के पूर्व संगठन महासचिव नितिन वत्सस ने जानकारी दी कि 29 मई को सुबह 10:30 बजे रतन बिहारी पार्क से पैदल मार्च निकाला जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन हाथों में मटकियां लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचेंगे, जहां प्रतीकात्मक मटका फोड़ प्रदर्शन किया जाएगा।

कांग्रेस संगठन ने शहर के सभी वार्डों से लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। प्रदर्शन में प्रदेश पदाधिकारी, पीसीसी सदस्य, जिला कांग्रेस पदाधिकारी, ब्लॉक और मंडल अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल, इंटक, पार्षद, पार्षद प्रत्याशी और विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि महंगाई लगातार आम आदमी की कमर तोड़ रही है, वहीं बीकानेर में बिजली कटौती और पेयजल संकट से लोग परेशान हैं। इसके बावजूद सरकार और प्रशासन हालात सुधारने में गंभीरता नहीं दिखा रहे। ऐसे में कांग्रेस अब सड़क पर उतरकर जनसमस्याओं को लेकर बड़ा आंदोलन करेगी।

FROM AROUND THE WEB