Bikaner Congress: नहरबंदी, पानी की कमी, बिजली कटौती भीषण गर्मी से लोग परेशान, सरकार दे ध्यान
Apr 15, 2026, 15:38 IST
RNE BIKANER.
भीषण गर्मी और मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रहे शहरवासियों की आवाज को लेकर बीकानेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी सड़क पर उतर आई। जिलाध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर के नाम अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) को चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में शहर की प्रमुख समस्याओं को उठाते हुए मांग की गई कि नहरबंदी के दौरान अंतिम छोर तक पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही एक दिन छोड़कर एक दिन जल आपूर्ति की व्यवस्था को आखातीज और बीकानेर स्थापना दिवस को ध्यान में रखते हुए 17 अप्रैल के बजाय 20 अप्रैल के बाद लागू किया जाए।
इसके अलावा प्रचंड गर्मी को देखते हुए कोटगेट और सांखला फाटक पर पूर्व की भांति टेंट लगाने, अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने तथा सीवरेज की समस्याओं से आमजन को राहत दिलाने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।
इस दौरान जिलाध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल ने कहा कि सरकार और प्रशासन का दायित्व आमजन को राहत देना है, न कि उन्हें परेशान करना। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
पूर्व संगठन महासचिव नितिन वत्सस ने बताया कि ज्ञापन सौंपने के दौरान अनेक कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

