Bikaner Congress: महंगाई और बिजली-पानी संकट पर ‘मटका फोड़’ प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट के बाहर फूटा जनाक्रोश
डॉ. बीडी कल्ला और यशपाल गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस का पैदल मार्च, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
RNE Bikaner.
बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी तथा शहर में गहराते बिजली-पानी संकट को लेकर शुक्रवार को बीकानेर में कांग्रेस सड़कों पर उतर आई। प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने “मटका फोड़ प्रदर्शन” कर भाजपा सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया।
विडियो देखने के लिए फोटो पर क्लिक करें :
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रतन बिहारी पार्क से जिला कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। हाथों में मटके और विरोधी नारों के साथ निकले कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मटका फोड़ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, वहीं शहर में बिजली और पानी की अव्यवस्था ने लोगों का जीवन दूभर कर दिया है।

प्रदर्शन में पूर्व वार्ड पार्षद, प्रदेश पदाधिकारी, PCC सदस्य, जिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, महिला कांग्रेस, NSUI, सेवादल और INTUC से जुड़े पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है और आमजन को राहत देने के बजाय समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं।

प्रदर्शन के बाद पूर्व मंत्री डॉ. बीडी कल्ला और पूर्व जिला अध्यक्ष यशपाल गहलोत के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शहर में बिजली-पानी व्यवस्था सुधारने और महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।


