Bikaner Congress Protest : बज्जू में सड़कों पर उतरी कांग्रेस, जलसंकट पर प्रदर्शन
May 4, 2026, 17:52 IST
RNE Bajju-Bikaner.
बिजली कटौती और पेयजल संकट से जूझ रहे बज्जू क्षेत्र में सोमवार को हालात उबाल पर नजर आए। गुस्साए किसानों ने कांग्रेस के नेतृत्व में उपखंड मुख्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां और नारों के बीच सैकड़ों किसानों ने प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताते हुए तत्काल समाधान की मांग उठाई।

ब्लॉक अध्यक्ष गणपत सिगड़ के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन को देहात कांग्रेस ज़िलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था और पानी की किल्लत ने किसानों और आमजन का जीना मुश्किल कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र रूप लेगा।

प्रदर्शन के दौरान किसानों का गुस्सा साफ नजर आया—कहीं नारेबाजी, तो कहीं प्रशासन के खिलाफ तीखे विरोध के स्वर सुनाई दिए। भीषण गर्मी के बीच पानी की कमी और अनियमित बिजली सप्लाई को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गई।
धरने में मंडल अध्यक्ष सुनील गोदारा, अनोपाराम बेनीवाल, बल्ले सिंह देवड़ा, ओमप्रकाश खिचड़, एनएसयूआई ज़िलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा, प्रीति मेघवाल, जगमल खिचड़, देवाराम भादू, रेशमराम गोदारा, सुनील डूडी, सांवरलाल भादू, गोपीराम गोदारा और सतपाल कुमावत सहित बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को साफ संदेश दिया कि अगर समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो यह आंदोलन पूरे क्षेत्र में फैल सकता है।

क्या बोले बिशनाराम सियाग :
देहात कांग्रेस ज़िलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि बज्जू क्षेत्र में बिजली और पानी की स्थिति पूरी तरह बिगड़ चुकी है। किसानों को समय पर बिजली नहीं मिल रही, जिससे फसलें प्रभावित हो रही हैं, वहीं पेयजल संकट ने आमजन का जीवन भी मुश्किल बना दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन बार-बार शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सियाग ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली-पानी की व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो कांग्रेस किसानों के साथ मिलकर आंदोलन को और तेज करेगी और बड़े स्तर पर विरोध किया जाएगा।
क्या बोले गणपत सिगड़ ;
ब्लॉक अध्यक्ष गणपत सिगड़ ने कहा कि बज्जू क्षेत्र में बिजली और पानी की समस्या अब बर्दाश्त से बाहर हो चुकी है। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही, जिससे फसलें सूखने की कगार पर हैं, वहीं पेयजल संकट से आमजन भी त्रस्त है।
उन्होंने प्रशासन पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार शिकायतों के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं किया जा रहा। सिगड़ ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता मिलकर आंदोलन को और उग्र करेंगे तथा बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

