Movie prime

Bikaner : कोटगेट पर कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान “अंडरपास तुरंत चालू करो” मांग, सैकड़ों से साइन करवाए

 

RNE Bikaner. 

कोटगेट और सांखला रेलवे फाटक पर स्वीकृत अंडरपास एवं अंडरब्रिज निर्माण कार्य को तुरंत शुरू करवाने की मांग को लेकर गुरुवार को कांग्रेस नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कोटगेट पर हस्ताक्षर अभियान चलाया। अभियान के दौरान सैकड़ों लोगों ने हस्ताक्षर कर जनसमर्थन दिया, वहीं ऑनलाइन फॉर्म सुविधा शुरू होते ही पहले ही घंटे में 500 से अधिक लोगों ने अपनी सहमति दर्ज करवाई।

अभियान के तहत मांग पत्र के लिए ऑनलाइन सुविधा का विमोचन बीकानेर शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल, वरिष्ठ नेता सलीम भाटी, गजेंद्र सिंह सांखला और व्यापार मंडल उपाध्यक्ष रवि पुरोहित ने किया।

अभियान से जुड़े नितिन वत्सस ने बताया कि कोटगेट और सांखला फाटक की समस्या लंबे समय से शहरवासियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। बार-बार रेलवे फाटक बंद होने से जाम की स्थिति बनती है और आमजन, मरीजों तथा व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसी को देखते हुए स्वीकृत अंडरपास और अंडरब्रिज कार्य को जल्द शुरू करने की मांग उठाई जा रही है।

जनहित के कार्यों में देरी से बढ़ता है रोष : 

शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल ने कहा कि जनहित के कार्यों में अनावश्यक देरी से जनता में रोष बढ़ता है। जो परियोजनाएं स्वीकृत हो चुकी हैं, उन्हें राजनीतिक स्वार्थ से ऊपर उठकर तत्काल शुरू किया जाना चाहिए।

वरिष्ठ नेता सलीम भाटी ने कहा कि आज डिजिटल युग में ऑनलाइन माध्यम से लोगों को जोड़ना आंदोलन को और मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि बीकानेर की इस गंभीर समस्या का शीघ्र समाधान होना चाहिए।

गजेंद्र सिंह सांखला ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने इस परियोजना के लिए 35 करोड़ रुपए स्वीकृत किए थे, लेकिन देरी के कारण लागत बढ़ती जा रही है। उन्होंने सरकार से तुरंत कार्य शुरू कर जनता को राहत देने की मांग की।

व्यापार मंडल उपाध्यक्ष रवि पुरोहित ने कहा कि बार-बार रेलवे फाटक बंद होने से लोग अस्पताल, बाजार और जरूरी कामों के दौरान जाम में फंस जाते हैं, जिससे परेशानी और बढ़ जाती है। इसलिए अंडरपास निर्माण कार्य जल्द शुरू होना बेहद जरूरी है।

अभियान में रामनाथ आचार्य, महबूब रंगरेज, धनसुख आचार्य, शालिना खान, दिनेश मीणा, ओम जनागल, राहुल जादूसंगत, अकरम अली, मेक्स नायक, हाजिर खान, केदारनाथ, मोहनलाल सांगला, श्याम बाबू, सोनू मेघवाल और जेठमल व्यास सहित अनेक लोगों ने सहयोग किया।

FROM AROUND THE WEB