Bikaner Crime : भाजपा नेता सुनील बांठिया की चाची को घर में घुसकर लूटा
RNE Bikaner.
बीकानेर में अपराधियों के बढ़ते हौसले की एक ओर घटना सामने आई है। यहां बड़ा बाजार एरिया के मावा पट्टी में एक शख्स ने घर में घुसकर अकेली महिला को धमकाया। धक्का मारकर गिराया। मुंह पर घूंसे बरसाए और पहने हुए सोने के गहने निकालकर ले गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी खंगालकर आरोपी को पकड़ने की कोशिश कर रही है। दरअसल यह वारदात मंगलवार शाम को मावा पट्टी इलाके में हुई।

पूर्व पार्षद एवं भाजपा नेता सुनील बांठिया की लगभग 65 वर्षीय चाची पुष्पा देवी बांठिया घर में अकेली थी। शाम को एक शख्स मुंह पर नकाब बांध घर में घुसा। उनके पति सुरेश बांठिया के बारे में पूछा तो पुष्पादेवी ने कहा, पांच मिनट में आने वाले हैं। इतना सुनते ही नकाबपोश ने उन्हें धक्का दिया। चेहरे पर घूंसे मारे। गिराकर उनके पहने हुए गहने निकलवाकर ले गया। इनमें सोने का नैकलेस ओर हाथ के कड़े शामिल थे।

भाजपा नेता सुनील बांठिया ने कहा, चाचा-चाची हमारे घर के पास ही रहते हैं। चाची कुछ देर पहल ही हमारे घर से निकली थी और उसकी थोड़ी ही देर बाद चाचा भी मेरे घर से निकल अपने घर पहुंचे। वे अपने घर पहुंचे तो पत्नी की हालत बिगड़ी हुई थी। वह जमीन पर पडी थी। चाचा के हाथ लगाते ही घबराहट में चिल्लाई ‘मुझे मत मारो-मुझे मत मारो’। बाद में उन्होंने पति को सारी वारदात के बारे में बताया। कोतवाली थाना पुलिस बीती रात से इलाके में सर्च अभियन चला रही है। आस-पास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।

