Bikaner Crime News : श्रीगंगानर में फिल्मी अंदाज में रेड! जब्त मादक पदार्थ व हथियारों का पाकिस्तान कनेक्शन आया सामने
RNE, NETWORK.
श्रीगंगानगर के रायसिंहनगर के समेजा थाना अंतर्गत नेशनल हाईवे 911 पर पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में नाकाबंदी कर एक कार को रोक लिया।
कार्रवाई के दौरान वाहन से मादक पदार्थ और हथियार बरामद होने की सूचनाएं सूत्रों से मिल रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने दो संदिग्ध नशा तस्करों को हिरासत में लिया है, जो कथित रूप से पंजाब के फाजिल्का निवासी बताए जा रहे है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार तस्करों से 67 कारतूस, 8 पिस्टल, 1.5 किलो हेरोइन व 1 किलो अफीम बरामद की गई है। यह खेप पाकिस्तान की ओर से भेजी गई थी, जिसे पंजाब के रास्ते आगे सप्लाई किया जाना था। स अधिकारी दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रहे है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को तस्करों की गतिविधियों की पहले से सूचना मिल गई थी। इसके बाद रायसिंहनगर की ओर जाने वाले नेशनल हाईवे-911 पर कड़ी नाकाबंदी की गई। सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली और बैरिकेड्स लगाकर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया गया था। इसी दौरान अनूपगढ़ की तरफ से तेज रफ्तार में एक लग्जरी कार आती दिखाई दी, जिसका पुलिस पहले से पीछा कर रही थी।
नाकाबंदी देखते ही कार सवार तस्करों ने बैरिकेडिंग में टक्कर मार दी और उसे तोड़कर निकलने की कोशिश की। टक्कर के बाद गाड़ी मौके पर ही रुक गई। इसके बाद दोनों आरोपी कार से उतरकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।
पुलिस इस पूरे नेटवर्क की मिली लीड्स को जोड़ने में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस खेप को कहां सप्लाई किया जाना था। दोनों आरोपियों से थाने में पूछताछ की जा रही है। पुलिस को ऐसा प्रतीत हो रहा है कि इस कार्रवाई से तस्करी के बड़े रैकेट का खुलासा हो सकता है।

