Bikaner Crime: बीकानेर में बाइक चोरों का आतंक, पत्रकार की बाइक उड़ाई
RNE Bikaner.
बीकानेर शहर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं ने आमजन के साथ-साथ मीडियाकर्मियों की भी चिंता बढ़ा दी है। जय नारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में पिछले तीन दिनों के दौरान प्रतिदिन एक मोटरसाइकिल चोरी होने की घटनाएं सामने आई हैं। ताजा मामले में वरिष्ठ मीडियाकर्मी शिव कुमार सोनी की बाइक मंगलवार शाम अज्ञात चोर चुरा ले गया।

जानकारी के अनुसार पीबीएम अस्पताल के बाल एवं शिशु रोग अस्पताल के पीछे आदर्श कॉलोनी स्थित विद्युत निगम केंद्र और गुप्ता एजेंसी के बीच खड़ी हीरो होंडा स्प्लेंडर (RJ 07 SP 6689) को शाम करीब साढ़े सात बजे चोर हैंडल लॉक और चाबी के तार तोड़कर ले गया। बाइक काले रंग की है और उसके पीछे "भवेश" व अखबार का नाम भी अंकित है।

घटना की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में संदिग्ध युवक पहले इलाके में रैकी करता दिखाई देता है और कुछ देर बाद बाइक चोरी कर फरार हो जाता है। पुलिस को आशंका है कि वारदात किसी बाहरी वाहन चोर गिरोह के सदस्य ने अंजाम दी है।
थानाधिकारी विक्रम तिवारी के निर्देश पर पुलिस ने अभय कमांड सेंटर सहित आसपास के कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं और संदिग्ध की पहचान के प्रयास जारी हैं।
इधर, इसी क्षेत्र में एक अन्य बड़ी चोरी की घटना भी सामने आई है। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज से संबद्ध सुपर स्पेशियलिटी सेंटर के एमआरआई विभाग के पास खड़ी रेडियोग्राफर गोविंद बिश्नोई की स्प्लेंडर बाइक (RJ 54 SA 0291) भी सोमवार अलसुबह चोरी हो गई। इसके अलावा आसपास के क्षेत्र से एक और मोटरसाइकिल चोरी होने की सूचना है।

