Movie prime

BIKANER : CS V Shrinivas ने मंत्री गोदारा के साथ ‘वंदे गंगा’ जल संरक्षण अभियान का शुभारम्भ किया, सोलर प्रोजेक्ट पर पहुंचे 

 
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर शुरू हुआ 12 दिवसीय जल संरक्षण जन अभियान
जल संरक्षण, पौधारोपण और जनजागरूकता पर रहेगा विशेष फोकस
RNE Bikaner.
राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास बीकानेर दौरे पर पहुंचते ही एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने सोमवार को ‘वंदे गंगा, जल संरक्षण जन अभियान’ का शुभारम्भ किया और इसके बाद नूरसर स्थित विशाल सोलर प्रोजेक्ट का भी निरीक्षण किया।

Bikaner

जल संरक्षण अभियान में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रदेश में परम्परागत जल स्रोतों के संरक्षण, नए जल स्त्रोतों के निर्माण और आमजन में जल बचाने की जागरूकता के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार जल संरक्षण के लिए ऐतिहासिक कार्य कर रही है और अभियान के माध्यम से गांव-गांव तक जागरूकता पहुंचाई जा रही है।

Bikaner

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि मुख्यमंत्री का जल संरक्षण को लेकर व्यापक विजन है। इसी के तहत 25 मई से 5 जून तक 12 दिवसीय ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष इस अभियान से 3 करोड़ 70 लाख लोग जुड़े थे, जबकि इस बार पंजीकरण शुरू होने के पहले घंटे में ही 50 हजार से अधिक लोगों ने भागीदारी दर्ज कराई।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान जल स्रोतों के संरक्षण, साफ-सफाई, पौधारोपण, चारागाह विकास, टांका एवं फार्म पॉण्ड निर्माण जैसे कार्य किए जाएंगे। नुक्कड़ नाटकों और जनजागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लोगों को पानी बचाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मुख्य सचिव ने बताया कि प्रदेश सरकार नहरों के आधुनिकीकरण के साथ संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चम्बल लिंक परियोजना पर भी कार्य कर रही है, जिसकी अनुमानित लागत 1.25 लाख करोड़ रुपये है। अरावली क्षेत्र में सघन पौधारोपण और मृदा संरक्षण के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
अभियान के शुभारम्भ के बाद मुख्य सचिव श्रीनिवास नूरसर स्थित अवाडा ग्रुप के 1246 मेगावाट सोलर प्लांट पहुंचे, जहां उन्होंने अत्याधुनिक रोबोटिक तकनीक से संचालित सोलर पैनल सफाई व्यवस्था का अवलोकन किया तथा राज्य में अक्षय ऊर्जा निवेश और आगामी परियोजनाओं की जानकारी ली।
इस दौरान बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास, प्रभारी सचिव श्री हेमंत गेरा, संभागीय आयुक्त श्री विश्राम मीणा, जिला कलक्टर श्री निशांत जैन तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

FROM AROUND THE WEB