Bikaner: कारगिल के वीरों को समर्पित बीकानेर रन क्लब की देशभक्ति रन, सैकड़ों लोगों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग
RNE Bikaner.
कारगिल विजय दिवस की स्मृति में रविवार प्रातः नवगठित बीकानेर रन क्लब द्वारा एक भव्य “रन फॉर कारगिल” का आयोजन किया गया। देशभक्ति गीतों और जोश से भरपूर माहौल में आयोजित इस रन में बीकानेर के सैकड़ों युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान और समर्पण का परिचय दिया।
बीकानेर में हाल ही में गठित बीकानेर रन क्लब बहुत कम समय में युवाओं के बीच एक सकारात्मक और प्रेरणादायी मंच के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। बीकानेर पुलिस एवं जिला प्रशासन के सहयोग और मार्गदर्शन में संचालित यह क्लब युवाओं को फिटनेस, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।

क्लब का उद्देश्य केवल दौड़ आयोजित करना नहीं है, बल्कि युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम के प्रति प्रेरित करने, सामाजिक सरोकारों से जोड़ने तथा उन्हें नशे एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों से दूर रखते हुए एक जिम्मेदार, जागरूक और राष्ट्रहित में योगदान देने वाला नागरिक बनाना है।

रन के दौरान प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। देशभक्ति गीतों की गूंज और युवाओं का जोश इस बात का प्रमाण था कि बीकानेर का युवा वर्ग अब फिटनेस को केवल व्यक्तिगत आवश्यकता नहीं, बल्कि सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्व के रूप में भी स्वीकार कर रहा है।

इस पहल के संयोजक एक विद्यार्थी हैं। उन्होंने बताया कि बीकानेर रन क्लब आने वाले समय में नियमित रन, फिटनेस गतिविधियों, जागरूकता अभियानों और सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से अधिकाधिक युवाओं को जोड़ने का प्रयास करेगा, ताकि बीकानेर एक स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक युवा शक्ति का उदाहरण बन सके।

