Bikaner : नगर सेठ लक्ष्मीनाथ मंदिर में निर्जला एकादशी मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन से की मांग, लक्ष्मीनाथ मंदिर में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़
RNE Bikaner.
आगामी 25 जून को निर्जला एकादशी के अवसर पर बीकानेर के श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर में लगने वाले विशाल मेले की तैयारियों को लेकर श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर विकास एवं पर्यावरण समिति सक्रिय हो गई है। समिति के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निकाय अधिकारियों से मुलाकात कर मेले के दौरान सुरक्षा, सफाई, रोशनी और मूलभूत सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
समिति के सचिव सीताराम कच्छावा के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने जिला कलक्टर निशांत जैन, पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा तथा बीकानेर विकास प्राधिकरण एवं नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी को ज्ञापन सौंपा।

कच्छावा ने बताया कि निर्जला एकादशी के मेले में हजारों श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में जेबतराशी, चैन स्नैचिंग और मोबाइल चोरी जैसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसे देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुबह 5 बजे से पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात करने की मांग की गई है।
उन्होंने प्रशासन को यह भी अवगत कराया कि 26 जून को मोहर्रम होने के कारण 25 जून की रात ताजियों के जुलूस और मंदिर मेले की भीड़ एक साथ रहेगी, जिससे यातायात और सुरक्षा व्यवस्था चुनौतीपूर्ण हो सकती है। ऐसे में विशेष प्रबंध किए जाने की आवश्यकता बताई गई।
फव्वारे, लाइटें और सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग :
शिष्टमंडल ने जिला कलक्टर से मंदिर परिसर में टेंट, पेयजल, बिजली, सफाई और पार्क की बंद पड़ी लाइटों को दुरुस्त करवाने के निर्देश जारी करने का आग्रह किया। साथ ही पार्क में स्थित फव्वारों को नियमित रूप से संचालित करने और विकास कार्य करवाने की मांग भी रखी।
बीकानेर विकास प्राधिकरण और नगर निगम आयुक्त को दिए ज्ञापन में दोनों फव्वारों को चालू करने, 30 बेंच, 20 कचरा पात्र, दूब काटने की मशीन तथा ओपन जिम में नई मशीनें लगाने की मांग की गई। समिति ने मंदिर परिसर, पार्क, सीढ़ी मार्ग और संतोषी माता मंदिर के पीछे विशेष सफाई अभियान चलाने का भी आग्रह किया।
देवस्थान विभाग से भी की व्यवस्थाओं की मांग :
समिति के प्रतिनिधियों ने देवस्थान विभाग की निरीक्षक सोनिया रंगा से भी मुलाकात कर हर वर्ष की तरह इस बार भी निर्जला एकादशी मेले में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।
इस दौरान शिष्टमंडल में शिवप्रकाश सोनी, विनोद महात्मा, अनिल सोनी, चंद्रप्रकाश, कैलाश छींपा, अजय राठौड़, संदीप मारू, कालू वैष्णव और गौरीशंकर अग्रवाल सहित समिति के कई सदस्य मौजूद रहे।

