Movie prime

Bikaner: रसोई गैस किल्लत के विरोध में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, मोदी का पुतला फूंका

 

RNE Bikaner.

रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और कथित किल्लत के विरोध में शुक्रवार को बीकानेर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। बीकानेर देहात व शहर कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंककर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

 

प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस अध्यक्ष शशिकला राठौड़ के नेतृत्व में महिलाओं ने गैस सिलेंडर पर कफन ओढ़ाकर माल्यार्पण किया और ढफली बजाकर विरोध जताया। महिलाओं ने सड़क पर ईंटों का चूल्हा बनाकर उसमें लकड़ी और थेपड़ी जलाकर चाय बनाई और इसे महंगाई के खिलाफ प्रतीकात्मक प्रदर्शन बताया।

देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश में ईंधन संकट की स्थिति बन गई है, जिससे गैस की किल्लत और कालाबाजारी बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की बढ़ोतरी कर आम जनता पर अतिरिक्त बोझ डाला गया है।

जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल ने कहा कि शहर में गैस बुकिंग के ऑनलाइन नंबर लगातार व्यस्त चल रहे हैं, जिससे लोग सिलेंडर बुक नहीं कर पा रहे हैं और एजेंसियों पर लंबी कतारें लग रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बढ़ी हुई कीमतें वापस नहीं ली गईं तो कांग्रेस आमजन को साथ लेकर आंदोलन तेज करेगी।

प्रदर्शन में पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल, भंवरसिंह भाटी, पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

FROM AROUND THE WEB