Bikaner : धनदेवी का रुपयों-गहनों से भरा पर्स गिरा, ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने लौटाया!
Rudra News Express Bikaner.
अगर सड़क पर रुपयों, गहनों से भरा पर्स गिर जाए तो आमतौर पर उस व्यक्ति तक नहीं पहुंचता जो वास्तविक मालिक है। इससे इतर बीकानेर के चौधरी भीमसेन सर्किल पर गिरा एक महिला का पर्स ड्यूटी पर मौजूद ट्रेफिक पुलिसकर्मी रामसिंह तक पहुंच गया। इस पुलिसकर्मी ने महिला की तलाशकर उसे बुलाया और पर्स लौटाया। पर्स में करीब 7 से 8 हजार रुपए नकद, सोने-चांदी के कीमती आभूषण और जरूरी दस्तावेज थे।
कांस्टेबल रामसिंहकी ड्यूटी चौधरी भीमसेन सर्किल पर ट्रेफिक संभालने के लिए लगी थी। एक राहगीर ने उन्हें बताया कि सर्किल पर किसी महिला का पर्स लावारिस पड़ा है। रामसिंह ने पर्स खोलकर देखा तो उसमें नकदी, आभूषण और दस्तावेज मिले। पर्स में रखे दस्तावेजों की मदद से उसकी मालकिन धनदेवी, निवासी बीकानेर की पहचान की गई। कांस्टेबल ने उनके परिजनों से संपर्क कर पर्स मिलने की सूचना दी और उन्हें चौधरी भीमसेन सर्किल बुलाया। इसके बाद महिला और उनके परिजनों को पर्स, नकदी, आभूषण तथा जरूरी दस्तावेज सौंप दिए गए।
महिला ने बताया कि बीकानेर से गांव जाते समय पर्स कहीं गिर गया था। पर्स वापस मिलने पर उन्होंने यातायात पुलिस और कांस्टेबल रामसिंह का आभार जताया।

