Bikaner Jila Pramukh Election : वोटिंग कल बुधवार को, एसपी-कलेक्टर ने तैयारियों का जायजा लिया!
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर के नए जिला प्रमुख का चुनाव बुधवार को जिला परिषद सभागार में होगा। जिला परिषद के 41 सदस्यों में से महिला सदस्य को जिला प्रमुख चुना जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने इसके लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। मोटे तौर पर कांग्रेस की प्रमुख बनने की संभावना है। वजह, जिले की 41 सीटों में से 30 जीतकर कांग्रेस पूर्ण बहुमत में है। हालांकि अभी प्रत्याशी तय होना बाकी है। भाजपा ने भी प्रत्याशी मैदान में उतारने के निर्णय लिया है। भाजपा के अपने सिंबल पर 08 सदस्य चुनाव जीते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी तथा जिला प्रमुख निर्वाचन के रिटर्निंग अधिकारी निशान्त जैन एवं पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने जिला परिषद परिसर पहुंचकर चुनाव से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

11 बजे तक नामांकन, 01 बजे तक वापसी, 05 बजे परिणाम :
जिला प्रमुख के निर्वाचन के लिए सुबह 10 बजे बैठक प्रारंभ होगी। सुबह 11 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा प्रातः 11:30 बजे तक होगी। अभ्यर्थी दोपहर 1 बजे तक नाम निर्देशन पत्र वापस ले सकेंगे। इसके पश्चात चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।
यदि मतदान की आवश्यकता हुई तो दोपहर 3 से सायं 5 बजे के मध्य मतदान होगा। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।
कानून व्यवस्था :
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। परिसर में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी।जिला परिषद के बाहर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह रतनू, एडीएम सिटी रीना, जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिलीप कुमार, नगर निगम उपायुक्त रणजीत बिजारणिया तथा सूचना प्रोद्योगिकी एवं संचार विभाग के अतिरिक्त निदेशक सत्येंद्र सिंह राठौड़, निर्वाचन शाखा के शिव कुमार पुरोहित सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

