Bikaner E-PM Bus Service: 05 इलेक्ट्रिक बसों को CM दिखा सकते हैं हरी झंडी, डिपो तैयार नहीं, रूट-बस स्टॉप तय नहीं
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर शहर में बहुप्रतीक्षित ई-पीएम बस सेवा शुरू होने की तैयारियां तेज हो गई हैं। ई-पीएम बसों की पहली खेप में 5 इलेक्ट्रिक बसें बीकानेर डिपो पहुंच गईं। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 15 अगस्त के अवसर पर इन बसों को हरी झंडी दिखाकर सेवा की शुरुआत कर सकते हैं।
अभी तैयारियां बाकी:
हालांकि बसें बीकानेर पहुंच चुकी हैं, लेकिन सेवा शुरू होने से पहले कई महत्वपूर्ण तैयारियां अभी अधूरी हैं। डिपो का निर्माण कार्य जारी है, चार्जिंग व्यवस्था पूरी तरह तैयार नहीं हुई है और ड्राइवर-कंडक्टरों की भर्ती प्रक्रिया भी पूरी नहीं हुई है। सबसे अहम बात यह है कि बसों के रूट, किराए और बस स्टॉप को लेकर अभी तक आधिकारिक तस्वीर साफ नहीं है।
25 सीटर होंगी ई-पीएम बसें, महिलाओं के लिए 4 पिंक सीट :
ई-बस संचालन का जिम्मा संभाल रही कंपनी सीएसएल के वाइस प्रेसिडेंट धीरज पाराशर के अनुसार, बीकानेर पहुंची बसें 25 सीटर हैं। इनमें महिलाओं के लिए 4 पिंक सीटें आरक्षित रहेंगी। इसके अलावा 11 यात्री खड़े होकर भी सफर कर सकेंगे।
ये हैं सुरक्षा व्यवस्था:
यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक बस में 7 CCTV कैमरे लगाए गए हैं। हर सीट पर पैनिक बटन की सुविधा होगी। आपात स्थिति में बाहर निकलने के लिए इमरजेंसी विंडो और सीटों के पास हैमर उपलब्ध रहेंगे।
दिव्यांग यात्रियों के लिए बस में व्हीलचेयर लिफ्ट डोर की सुविधा दी गई है। सभी बसें पूरी तरह वातानुकूलित होंगी।
बसें पहुंचीं, लेकिन डिपो का काम अभी अधूरा :
ई-बसों की पहली खेप बीकानेर पहुंच गई है, लेकिन इनके नियमित संचालन के लिए जरूरी डिपो और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर अभी पूरी तरह तैयार नहीं है।
निविदा शर्तों के मुताबिक डिपो का निर्माण 25 मई तक पूरा किया जाना था, लेकिन अगस्त के दूसरे सप्ताह में भी कई काम जारी हैं।
बसों के रखरखाव के लिए डिपो में शेड का निर्माण चल रहा है। बसों की चार्जिंग के लिए 15 चार्जर लगाए जाने हैं, लेकिन फिलहाल केवल 2 चार्जर ही तैयार हो पाए हैं। डिपो में प्रस्तावित ओवरहेड टंकी का काम भी पूरा नहीं हुआ है।
यानी बसें तो बीकानेर पहुंच गईं, लेकिन सवाल यह है कि पूरी क्षमता के साथ इनका संचालन कब और कैसे शुरू होगा?
ड्राइवरों की भर्ती जारी, कंडक्टरों की प्रक्रिया भी बाकी :
ई-पीएम बस सेवा के लिए कर्मचारियों की भर्ती भी अभी पूरी नहीं हुई है। ड्राइवरों की भर्ती प्रक्रिया जारी है, जबकि कंडक्टरों की भर्ती का काम भी पूरा होना बाकी बताया जा रहा है।
ऐसे में यदि 15 अगस्त को सेवा का शुभारंभ किया जाना है तो उससे पहले बसों के संचालन से जुड़े कर्मचारियों, डिपो और चार्जिंग व्यवस्था को अंतिम रूप देना बड़ी चुनौती होगी।
सबसे बड़ा सवाल—बसें चलेंगी किन रूटों पर?
बीकानेर पहुंच चुकी ई-पीएम बसों को लेकर शहरवासियों में उत्सुकता है, लेकिन अभी सबसे महत्वपूर्ण जानकारी सामने नहीं आई है।
- बसें शहर में किन रूटों पर चलेंगी?
- बस स्टॉप कहां-कहां होंगे?
- किराया कितना होगा?
- कितनी बसें प्रतिदिन संचालित होंगी?
इन सवालों का आधिकारिक जवाब अभी सामने नहीं आया है।
पूर्व पार्षद आदर्श शर्मा का कहना है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा 15 अगस्त को बीकानेर शहर को ई-पीएम बस सेवा की सौगात देने की संभावना है। उनके अनुसार, बीकानेर डिपो में निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है, लेकिन अभी भी काफी काम बाकी है।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब बसें बीकानेर पहुंच चुकी हैं तो नगर निगम और प्रशासनिक स्तर पर रूट और बस स्टॉप की जानकारी को लेकर स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं है।

