Bikaner : बज्जू के मिठड़िया गांव में करंट से बिजलीकर्मी की मौत, परिजन-ग्रामीण धरने पर, भंवरसिंह भाटी ने दुख जताया
RNE Bajju-Bikaner.
बीकानेर जिले के बज्जू उपखंड के मिठड़िया गांव में विद्युत विभाग के एक संविदा कर्मचारी की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ठेकाकर्मी राजाराम सारण विद्युत लाइन का फॉल्ट ठीक करने के लिए शटडाउन लेकर काम कर रहे थे, लेकिन इसी दौरान अचानक लाइन में बिजली प्रवाहित हो गई, जिससे उन्हें जोरदार करंट लगा और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
इस घटना ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि शटडाउन लेने के बावजूद लाइन चालू होना विभागीय लापरवाही का स्पष्ट मामला है।

मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठे परिजन :
हादसे के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीण बज्जू अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए। उनकी मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।

पूर्व मंत्री भंवरसिंह भाटी ने जताया दुख :
घटना पर पूर्व मंत्री भंवरसिंह भाटी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे बेहद पीड़ादायक और हृदय विदारक बताया। उन्होंने कहा कि शटडाउन के बावजूद पीछे से विद्युत लाइन चालू हो जाना विद्युत विभाग की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
भाटी ने जिला प्रशासन से मांग की कि धरने पर बैठे परिजनों और ग्रामीणों की न्यायोचित मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय लिया जाए, दोषियों की जवाबदेही तय की जाए तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल :
यह हादसा एक बार फिर बिजली विभाग में कार्यरत संविदा और ठेका कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रहा है। विद्युत लाइनों पर काम करने वाले कर्मचारियों के लिए सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन और निगरानी की आवश्यकता को यह घटना फिर उजागर कर रही है।

