Bikaner : गंगाशहर नागरिक परिषद् ने स्कूल को गोद लेकर विकास में सहयोग का जताया संकल्प
Rudra News Express Bikaner.
गंगाशहर नागरिक परिषद् की ओर से राजकीय भट्टड़ उच्च माध्यमिक विद्यालय के हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों को टाई, बेल्ट एवं परिचय पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में कोलकाता से पहुंचे गंगाशहर नागरिक परिषद् के प्रवर्तक सदस्य एवं पूर्व मंत्री सीए किरणचन्द लूणावत मुख्य अतिथि रहे।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए लूणावत ने कहा कि सफलता कभी शॉर्टकट से नहीं मिलती, इसके लिए निरंतर मेहनत और विषय का गहन अध्ययन जरूरी है। केवल परीक्षा में पूछे जाने वाले चुनिंदा प्रश्नों को रट लेना व्यावहारिक और प्रोफेशनल जीवन के लिए पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को पूरे विषय को समझकर अध्ययन करना चाहिए।

लूणावत ने बताया कि वे स्वयं वर्ष 1960 से 1968 तक इसी विद्यालय के छात्र रहे हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद विद्यालय पहुंचकर वे भाव-विभोर हो गए और बचपन की पुरानी यादें ताजा हो गईं। उन्होंने कहा कि गंगाशहर नागरिक परिषद् विद्यालय को गोद लेकर इसके योजनाबद्ध विकास के साथ विद्यार्थियों के लिए आवश्यक कमरे और संसाधन उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विद्यालय के विकास में स्वयं भी सहयोग करने की इच्छा व्यक्त की।
युवाओं के विकास के लिए शिक्षा जरूरी :
गंगाशहर नागरिक परिषद् की गंगाशहर इकाई के संयोजक जतनलाल दूगड़ ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस युवाओं को शिक्षा और विकास के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में संकल्प का अवसर है। उन्होंने लूणावत को सफल प्रोफेशनल और उदारमना भामाशाह बताते हुए कहा कि प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ परिषद् के शिक्षा एवं चिकित्सा क्षेत्र के सेवा कार्यों में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
अंग्रेजी माध्यम के प्राचार्य सुरेन्द्र सोलंकी ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यालय का परिणाम बेहतर रहा है। यदि विद्यालय में कमरों और अन्य संसाधनों की समुचित व्यवस्था हो जाए तो विद्यार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष मुख्य अतिथि किरणचन्द लूणावत, अतिथियों एवं शाला प्रधानों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कक्षा 11 की छात्राओं मधु जैन, हाफिजा, माया एवं सावित्री ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
इस अवसर पर किरणचन्द लूणावत का साफा पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। विद्यालय की प्रिंसिपल सविता गुप्ता ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गंगाशहर नागरिक परिषद् विद्यालय की आवश्यकताओं के अनुरूप जागरूकता और उत्साह के साथ सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि विद्यालय भवन में कमरों की आवश्यकता पूरी होने से शिक्षा के क्षेत्र में संख्यात्मक एवं गुणात्मक दोनों तरह की वृद्धि होगी।
कार्यक्रम में गंगाशहर नागरिक परिषद् के बच्छराज रांका, महेन्द्र चौपड़ा, मगनमल छाजेड़, नर्सिंगदास भट्टड़, पानमल मारू सहित गणमान्य नागरिक, दोनों माध्यमों के शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। संचालन रमेश एवं हेमलता शर्मा ने किया। कार्यक्रम के बाद अतिथियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया।

