Bikaner : सरकारी छात्रावासों का दोबारा निरीक्षण, विद्यार्थियों से लिया फीडबैक
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर के जिला कलक्टर निशान्त जैन के निर्देश पर गुरुवार को 22 अधिकारियों ने जिले के राजकीय छात्रावासों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यह निरीक्षण इससे पहले हुई जांच का फॉलोअप था जिसमें यह पता लगाना था की पहले जो कमियां पाई गई उन्हें दुरुस्त किया या नहीं।
सभी 22 अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भोजन की गुणवत्ता, रसोई की स्थिति, साफ-सफाई, आवासीय सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और खेलकूद एवं मनोरंजन से जुड़ी सुविधाओं की जांच की। साथ ही विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, दैनिक दिनचर्या और छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया।
दरअसल ‘उन्नयन’ अभियान के तहत जिला कलक्टर निशान्त जैन सहित विभिन्न अधिकारियों ने 22 अगस्त को राजकीय छात्रावासों का निरीक्षण किया था। उस दौरान सामने आई कमियों और आवश्यकताओं को चिह्नित कर संबंधित अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए गए थे। गुरुवार को हुए पुनः निरीक्षण में इन्हीं निर्देशों की पालना और अब तक हुए बदलावों की समीक्षा की गई।
ये अधिकारी शामिल :
पुनः निरीक्षण करने वाले अधिकारियों में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे, उपखण्ड अधिकारी महिमा कसाना, नगर निगम सचिव हेमेन्द्र नागर और अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी ऋतुराज महला सहित विभिन्न उपखण्ड अधिकारी, विकास अधिकारी, तहसीलदार एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।
जारी रहेगा ‘उन्नयन’ :
जिला कलक्टर निशान्त जैन ने बताया कि राजकीय छात्रावासों की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए शुरू किया गया ‘उन्नयन’ अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों द्वारा समय-समय पर छात्रावासों का निरीक्षण किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलें और उनकी शैक्षणिक प्रगति के साथ समग्र व्यक्तित्व विकास को भी बढ़ावा दिया जा सके।

