Movie prime

Bikaner : IAS शैलजा ने बामनवाली में किया योजनाओं का निरीक्षण, ग्रामीणों-छात्राओं से संवाद

 
RNE Bikaner
बीकानेर जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एवं IAS अधिकारी शैलजा पांडे शुक्रवार को अचानक बामनवाली ग्राम पंचायत पहुंचीं, जहां उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। दौरे के दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने पंचायत भवन, मनरेगा एवं एसएफसी मद से विकसित सार्वजनिक पार्क, प्रकाश व्यवस्था, विद्यालय पुस्तकालय और ओपन जिम का अवलोकन किया। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर योजनाओं की उपयोगिता और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली।
छात्राओं से पढ़ाई पर चर्चा
शैलजा पांडे ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी योजना के तहत स्वीकृत कन्वेंशन हॉल और मॉर्डन लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया। लाइब्रेरी में मौजूद छात्राओं से बातचीत करते हुए उन्होंने शिक्षा, पुस्तक पठन और डिजिटल संसाधनों के महत्व पर चर्चा की तथा नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने राजकीय महाविद्यालय में डीएमएफटी योजना के तहत स्वीकृत हॉल का निरीक्षण कर कार्य प्रगति की जानकारी ली।
भगत सिंह स्टेडियम, बस स्टैंड का निरीक्षण
सीईओ ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी योजना के अंतर्गत विकसित हो रहे भगत सिंह स्टेडियम के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। साथ ही विधायक निधि से निर्मित सार्वजनिक बस स्टैंड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान उन्होंने क्षेत्र की प्रसिद्ध खारे पानी की झील का भी निरीक्षण किया तथा उसके संरक्षण और पर्यटन संभावनाओं पर चर्चा की।

Shelja pandey

अधिकारियों की क्लास में योजनाओं की समीक्षा
पंचायत समिति सभागार में आयोजित बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में विकास अधिकारी किशोर कुमार, सहायक अभियंता जगदीश चौधरी, पूर्व प्रधान कानाराम गोदारा, उमाशंकर सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

FROM AROUND THE WEB