Bikaner : खाटू श्याम बाबा को सात फीट की राखी, अर्धनारीश्वर रूप में दिखे भोलेनाथ
Rudra News Express Bikaner.
श्रावण माह की पुत्रदा एकादशी पर बीकानेर में जयपुर रोड स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। श्री श्याम बाबा का विशेष श्रृंगार किया गया, वहीं सावन के पवित्र माह को देखते हुए मंदिर परिसर स्थित भोलेनाथ का अर्धनारीश्वर स्वरूप में मनमोहक श्रृंगार किया गया। दोनों दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने रहे।
पुत्रदा एकादशी के अवसर पर दीपशिखा विजयवर्गीय की ओर से श्री श्याम बाबा को 7 फीट लंबी विशेष राखी अर्पित की गई। विशाल और आकर्षक राखी से सजे बाबा के स्वरूप के दर्शन के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। राखी अर्पित किए जाने के दौरान मंदिर परिसर ‘जय श्री श्याम’ के जयकारों से गूंज उठा।
अर्धनारीश्वर स्वरूप ने खींचा श्रद्धालुओं का ध्यान :
सावन के अवसर पर भगवान भोलेनाथ का अर्धनारीश्वर श्रृंगार विशेष आकर्षण रहा। इस स्वरूप में भगवान शिव और माता शक्ति के अद्भुत मिलन का दर्शन कराया गया। उमाशंकर सोनी और मनीष सोनी द्वारा किए गए इस विशेष श्रृंगार ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
मंदिर पहुंचने वाले भक्तों ने भोलेनाथ के दिव्य स्वरूप के दर्शन किए और जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं का कहना था कि सावन में अर्धनारीश्वर स्वरूप के दर्शन से उन्हें विशेष आध्यात्मिक अनुभूति हुई।
दिल्ली से मंगाए फूलों से सजा मंदिर :
एकादशी के अवसर पर मंदिर परिसर को दिल्ली से मंगाए गए विभिन्न प्रकार के आकर्षक फूलों से सजाया गया। फूलों की सुंदर सजावट और उनकी खुशबू से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय नजर आया। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे और विशेष श्रृंगार के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
मंदिर के मुख्य पुजारी चेतन शर्मा और किशन जोशी सहित मंदिर सेवा से जुड़े लोगों ने श्री श्याम बाबा और भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार किया।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष के.के. शर्मा ने बताया कि पुत्रदा एकादशी पर श्री श्याम बाबा की भक्ति के साथ भगवान भोलेनाथ की आराधना का अनूठा संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं के लिए विशेष दर्शन की व्यवस्था की गई थी।

