Bikaner : कोटगेट पुलिस ने मध्यप्रदेश से नकबजन को पकड़ा, 35 लाख के हीरे-सोने के गहने बरामद!
RNE Bikaner.
बीकानेर की कोटगेट थाना पुलिस ने एक अंतराराज्यीय गिरोह के नकबजन को गिरफ्तार करने और उससे लगभग 35 लाख रुपए कीमत के हीरे वे सोने के गहने बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस गिरोह के इस सदस्य से पूछताछ कर रही है। इससे कई और वारदातें खुलने का अनुमान है।
कोटगेट थाना प्रभारी धीरेन्द्रसिंह ने बताया कि 25 अगस्त 2025 को गुजरात के अहमदाबाद जिले के नवरणपुरा क्षेत्र स्थित ईश्वर भवन रोड पर रहने वाली श्रीमती शशिकला सोनी (57) के मकान में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण व घरेलू सामान चोरी कर लिया था। इस संबंध में कोटगेट थाने में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धाराओं 331(4) एवं 305(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर-सूचना तंत्र को सक्रिय किया, MP से पकड़ा :
जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सूचनाओं का विश्लेषण किया। इसके आधार पर पुलिस ने लखवीर सिंह उर्फ अकाल सिंह (25) निवासी ग्राम पंचोरी, थाना खकनार, जिला बुरहानपुर (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अंतरराज्यीय नकबजनी गिरोह का सक्रिय सदस्य है। उसकी निशानदेही पर चोरी गए सोने व हीरे के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये है, बरामद किए गए हैं। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों, उनके ठिकानों और पूर्व में की गई वारदातों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की संभावना है।
कार्रवाई करने वाली टीम :
कोटगेट थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक गौरव बोहरा, सहायक उप निरीक्षक सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल हेतराम, कांस्टेबल संपतलाल, सोनू शर्मा, संजय आदि इस टीम में शामिल रहे।

