Bikaner: टॉयलेट करने के बाद शख्स नीचे गिरा, अचेत हुआ, CPR देकर भी नहीं बची जान
Rudra News Express. Bikaner
बीकानेर के लालगढ़ रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति की अचानक अचेत होकर गिरने के बाद मौत हो गई। बताया जा रहा है कि व्यक्ति टॉयलेट करने गया था। पेशाब करने के बाद वह पायजामे का नाड़ा तक नहीं बांध सका और अचानक नीचे गिरकर अचेत हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे संभाला, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ।
पेशाब करने के बाद अचानक गिरा :
फतेहाबाद निवासी बाल सिंह शुक्रवार सुबह लालगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म से कुछ दूरी पर टॉयलेट करने गया था। पेशाब करने के बाद वह पायजामा संभाल ही रहा था कि अचानक अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने उसे संभालने का प्रयास किया और घटना की सूचना सेवा संस्थाओं को दी।

मौके पर पहुंचे सेवादार, दिया CPR :
सूचना मिलते ही खिदमतगार खादिम सोसाइटी और असहाय सेवा संस्थान की टीम एम्बुलेंस लेकर मौके पर पहुंची। टीम के सदस्यों शोएब, मोहम्मद जुनैद और राजकुमार खड़गावत ने अचेत व्यक्ति को संभाला। मौके पर CPR देकर उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उसे पीबीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सेवादारों में हाजी जाकिर, हाजी नसीम, शोएब, मोहम्मद जुनैद खान, अब्दुल सत्तार, इमरान, राजकुमार खड़गावत आदि शामिल रहे।
अस्पताल पहुंचाया शव :
घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी थाना पुलिस से गजानंद आचार्य टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की निगरानी में शव को एम्बुलेंस से पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में आवश्यक कार्रवाई और मुआयना करवाने के बाद शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। जीआरपी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

