बीकानेर के नए महापौर अनिल कल्ला और उप महापौर पंकज गहलोत आज संभालेंगे कार्यभार
RNE, BIKANER.
नगर निगम में आज से नए दौर की शुरुआत हो रही है। अब तक के सबसे युवा मुखिया , महापौर अनिल कल्ला कार्यभार संभालेंगे। वे शुभ मुहूर्त में दोपहर 12.15 नये पद की जिम्मेदारी ग्रहण करेंगे। आज ही दोपहर बाद 3.15 बजे उप महापौर पंकज गहलोत भी नई जिम्मेवारी संभालेंगे।
नगर निगम में आज नए महापौर के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई है। कल्ला का निगम अधिकारी, कर्मचारी स्वागत भी करेंगे। कार्यभार ग्रहण करने के बाद कल्ला अधिकारियों के साथ विभिन्न कामों को लेकर चर्चा भी करेंगे। पहले दिन से ही नए महापौर एक्शन में आना चाहते हैं। उनका पहला लक्ष्य शहर की सफाई व्यवस्था, सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था को दुरस्त करना रहेगा। उसी पर वे आज अधिकारियों से चर्चा करेंगे।
परिवार के तीसरे व्यक्ति सार्वजनिक पद पर
महापौर अनिल कल्ला अपने परिवार के तीसरे ऐसे व्यक्ति है जो सार्वजनिक पद पर पहुंचे हैं। उनके पिता जनार्दन कल्ला पहले पार्षद व शहर कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके हैं। चाचा डॉ बी डी कल्ला बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से लगातार 10 बार चुनाव लड़ चुके हैं। वे राज्य में अधिकतर मंत्रालयों के मंत्री रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे हैं और एक बार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रहे हैं।
नए महापौर अनिल कल्ला भी राजनीति में लगभग 3 दशक से एक कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय हैं। बूथ लेवल के कार्यकर्ता से उन्होंने अपनी राजनीति शुरू की हुई है। उनको अच्छा संगठनकर्ता भी माना जाता है
पंकज गहलोत भी हैं अनुभवी पार्षद
नए निर्वाचित उप महापौर पंकज गहलोत भी पहले पार्षद रह चुके हैं और उनको भी निगम के कामकाज के तरीके का ज्ञान है। वे भाजपा से है और महापौर अनिल कल्ला कांग्रेस से, दोनों में तालमेल कैसा रहेगा, यह तो आने वाला समय ही बतायेगा। मगर शहर को इन दोनों युवाओं से बहुत अपेक्षा है।

