RudraNewsExpress_Logo

Bikaner Mayor Election-कांग्रेस में बगावत  : अनिल कल्ला के सामने नवरतन डागा बागी, बोले-परिवरवाद हो रहा

 

बड़ी खबर: अनिल कल्ला कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी, नवरतन डागा बागी, भाजपा से सुरेंद्रसिंह शेखावत मैदान में

Rudra News Express Bikaner. 

नगर निगम के महापौर चुनाव में कांग्रेस ने वार्ड 73 के पार्षद अनिल कल्ला को अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। इसके साथ ही वार्ड 50 से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर आए नवरतन डागा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने पहुंचकर मुकाबले को रोचक बना दिया है। भाजपा ने सुरेंद्रसिंह शेखावत को मैदान में उतारा है। कांग्रेस में 28 पार्षदों की सहमति से अनिल कल्ला के नाम पर फैसला होने की बात सामने आई है। वहीं नवरतन डागा के मैदान में उतरने से कांग्रेस के भीतर मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। डागा ने अनिल कल्ला का नाम पर कहा-कांग्रेस में परिवारवाद हो रहा है।

डागा

कौन है नवरतन डागा : 

नवरतन डागा वही कांग्रेस प्रत्याशी हैं, जिनके चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के दौरान वार्ड 50 में शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ मारपीट की घटना हुई थी। 2 सितंबर को हुई इस घटना में मेघवाल ने आरोप लगाया था कि टिकट से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मारपीट की। पुलिस ने बाद में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया।

इस प्रकरण में पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा और उनके बेटे मोहित अरोड़ा पर कांग्रेस ने छह साल के लिए कार्रवाई की। वहीं मामले में महिला कांग्रेस की शहर अध्यक्ष शशिकला राठौड़ की कथित भूमिका को लेकर भी प्रदेश कांग्रेस ने जांच के निर्देश दिए थे। विवाद यहीं नहीं रुका। टिकट और सिंबल को लेकर आरोप-प्रत्यारोप के बीच पूर्व अध्यक्ष यशपाल गहलोत और दीपक अरोड़ा के बीच बातचीत का बताया गया एक कथित ऑडियो भी वायरल हुआ, जिसमें टिकट को लेकर चर्चा होने का दावा किया गया। इस ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। 

मारपीट

 

कांग्रेस का पीछा नहीं छोड़ रहा वार्ड 50 विवाद : 

यानी जिस वार्ड 50 से कांग्रेस ने नवरतन डागा को मैदान में उतारा था, उसी वार्ड से शुरू हुआ टिकट विवाद अब मेयर चुनाव तक पहुंच गया है। चुनाव कार्यालय उद्घाटन में मारपीट, मुकदमे और गिरफ्तारियां, पार्टी की अनुशासनात्मक कार्रवाई, महिला कांग्रेस पदाधिकारी की भूमिका की जांच और टिकट-सिंबल को लेकर सामने आए आरोपों के बाद अब नवरतन डागा का मेयर पद के लिए अधिकृत प्रत्याशी के सामने निर्दलीय मैदान में उतरना इस पूरे घटनाक्रम को फिर चर्चा में ले आया है। नामांकन दाखिल करने गए डागा ने अनिल कल्ला के नाम का विरोध करते हुए कहा, कांग्रेस में परिवारवाद हो रहा है। उनका इशारा इस तरफ था कि अनिल कल्ला पूर्व मंत्री डॉक्टर बी डी कल्ला के भतीजे हैं।

surenda

भाजपा ने सुरेंद्रसिंह शेखावत पर लगाया दांव : 

भाजपा ने सुरेंद्रसिंह शेखावत को मेयर पद के लिए प्रत्याशी बनाया है। भाजपा के 27 पार्षद हैं, इसलिए उसके सामने बहुमत के लिए अतिरिक्त समर्थन जुटाने की चुनौती रहेगी। वहीं नवरतन डागा की बगावत के बाद मेयर चुनाव में कांग्रेस के भीतर संभावित समीकरणों पर भी निगाहें टिक गई हैं। बताया जाता है कि पूर्ण बहुमत नहीं होने के बावजूद भाजपा में मेयर प्रत्याशी बनने के लिये भी काफी होड़ रही। 

FROM AROUND THE WEB