Movie prime

Bikaner Mines Raid: लूणकरणसर-श्रीडूंगरगढ़ 11 वाहनों से 13.26 लाख का जुर्माना वसूला

बीकानेर में माइंस विभाग की बड़ी कार्रवाई

 

RNE Bikaner.

अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए माइंस विभाग बीकानेर की टीम ने लूणकरणसर और श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। विभाग ने 11 वाहनों को पकड़ते हुए कुल 13 लाख 26 हजार 750 रुपये का जुर्माना वसूल कर राजकोष में जमा कराया।

खनि अभियंता महेश प्रकाश पुरोहित ने बताया कि 24 अप्रैल को रात्रि चेकिंग के दौरान तकनीकी दल ने लूणकरणसर और श्रीडूंगरगढ़ में 7 वाहनों को अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा। इनमें से 6 वाहन लूणकरणसर में मुर्रम, कंकर और मैसेनरी स्टोन का अवैध निर्गमन कर रहे थे। इनमें 3 वाहन ओवरलोड और 3 बिना रवन्ना के पाए गए। वहीं श्रीडूंगरगढ़ में एक वाहन बिना रवन्ना सिलिका सैंड का परिवहन करता मिला। इन 7 वाहनों से 8 लाख 94 हजार 350 रुपये की पेनल्टी वसूली गई।

इसके अलावा, खनि अभियंता (सतर्कता) प्रकाश माली के नेतृत्व में एक अन्य टीम ने उसी दिन श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में 4 वाहनों को मैसेनरी स्टोन क्रशर गिट्टी का ओवरलोड परिवहन करते पकड़ा। इन सभी वाहनों से 4 लाख 32 हजार 400 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

कार्रवाई में खनि कार्यदेशक संतोष डूडी, शिवॉन ब्रिटो, बृजमोहन सियाग, रमेश सिंह भाटी सहित तकनीकी दल की अहम भूमिका रही। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्ती जारी रहेगी।

FROM AROUND THE WEB