Bikaner MS College : MLA जेठानंद ने पांच PG विभागों, स्मार्ट क्लास रूम, वाई-फाई केंद्र का उद्घाटन किया
बीकानेर : एमएस कॉलेज में एमएलए जेठानन्द ने किये ये बड़े काम!
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने गुरुवार को महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय में इस सत्र में शुरू किए गए पांच नए स्नातकोत्तर विभागों, स्मार्ट क्लास रूम कक्ष संख्या 32 तथा वाई-फाई केंद्र का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि छात्राएं आधुनिक तकनीक और उपलब्ध संसाधनों का सदुपयोग करते हुए अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें। वाई-फाई सुविधा के संदर्भ में उन्होंने मोबाइल का उपयोग आवश्यकता के अनुसार करने और इसके दुरुपयोग से बचने का आह्वान किया। उन्होंने महाविद्यालय के जर्जर छात्रावास का पुनर्निर्माण करवाकर पुनः संचालित करने के लिए भी प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रजनी रमण झा ने संस्थान की उपलब्धियों और आवश्यकताओं की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं के शैक्षणिक उन्नयन एवं महाविद्यालय के विकास से संबंधित मांग पत्र विधायक को सौंपा। पांच नवीन स्नातकोत्तर विभागों की विभागाध्यक्ष डॉ. मोनिका क्षेत्रपाल, डॉ. संजू श्रीमाली, डॉ. सुनीता बिश्नोई, डॉ. सुरेंद्र जांदू एवं डॉ. कविता जोशी ने अपने-अपने विभागों की वर्तमान स्थिति और भावी योजनाओं से अवगत करवाया।
वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. अभिलाषा आल्हा ने स्वागत उद्बोधन दिया। डॉ. मंजू मीणा ने आभार व्यक्त किया तथा संचालन डॉ. राधा सोलंकी ने किया। संगीत विभाग की छात्राओं ने डॉ. ओमप्रकाश सचदेवा एवं डॉ. सरिता स्वामी के निर्देशन में सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
इन विभागों का किया उद्घाटन :
विधायक ने हिंदी, समाजशास्त्र, इतिहास, प्राणीशास्त्र एवं भौतिक विज्ञान के पांच नए स्नातकोत्तर विभागों का शुभारंभ किया। 13 लाख रुपये की लागत से निर्मित हाई-स्पीड कैंपस वाई-फाई सुविधा तथा 2.37 लाख रुपये की लागत से 86 इंच डिजिटल स्मार्ट बोर्ड से सुसज्जित स्मार्ट रूम का उद्घाटन किया।

