RudraNewsExpress_Logo

Bikaner Nagar Nigam Elections : सफाई के साथ मतदान का संदेश भी देंगे कार्मिक, 80 वार्डों में चलेगा जागरूकता अभियान

 

Rudra News Express Bikaner.

 

बीकानेर में अब शहर की गलियों में सफाई के टिपर सिर्फ कचरा उठाते नजर नहीं आएंगे, बल्कि ‘मतदान रो हेलो’ के संदेश के साथ मतदाताओं को वोट डालने के लिए भी प्रेरित करेंगे। स्वीप अभियान के तहत नगर निगम ने मतदान जागरूकता की यह अनूठी पहल शुरू की है।

 

शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय से मतदान जागरूकता संदेश और जिंगल्स से लैस टिपरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ये टिपर नगर निगम के सभी 80 वार्डों की गलियों और मोहल्लों में पहुंचेंगे। टिपरों पर लगे जिंगल्स के जरिए लोगों से मतदान की अपील की जाएगी।

सफाईकर्मी बनेंगेमतदान संदेशवाहक’ : 

इस अभियान की खास बात यह है कि शहर की सफाई व्यवस्था में जुटे कार्मिक भी अपने दैनिक कार्य के दौरान लोगों को मतदान के लिए जागरूक करेंगे। प्रशासन का मानना है कि सफाई कर्मियों की पहुंच शहर के लगभग हर गली-मोहल्ले तक है, ऐसे में वे मतदान का संदेश घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

स्वीप सह प्रभारी एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई ने कहा कि प्रत्येक मतदाता तक मतदान का संदेश पहुंचाना स्वीप अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। सफाई कर्मी आमजन से संवाद करते हुए उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।

हर वार्ड तक पहुंचेगा संदेश

जिला स्वीप समन्वयक प्रशांत जोशी ने टिपर चालकों और सफाई कर्मियों को मतदाता जागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि टिपरों के जरिए मतदान का संदेश शहर के प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले तक पहुंचाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी करें।

नगर निगम कार्यालय से स्वीप सह प्रभारी सुरेश बिश्नोई, नगर निगम सचिव जगनमोहन हर्ष, जिला स्वीप समन्वयक प्रशांत जोशी, सह समन्वयक गोपाल जोशी और सेनेटरी इंस्पेक्टर कपिल जेदिया ने टिपरों को रवाना किया। कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और टिपर चालक भी मौजूद रहे।

FROM AROUND THE WEB