Bikaner : न्दलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन 25 महिलाओं, 10 महिला संगठनों को प्रज्ञा रत्न अवार्ड से सम्मानित करेगा
RNE Bikaner.
नन्दलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रज्ञा रत्न अवार्ड 2026 कार्यक्रम का आयोजन 7 मार्च 2026 को ऋद्धि सिद्धि पैलेस, रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र, बीकानेर में किया जाएगा। समारोह में 25 विशिष्ट महिलाओं एवं लगभग 10 महिला संगठनों को उनके उत्कृष्ट कार्यों और महिला सशक्तिकरण में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
फाउंडेशन पिछले चार वर्षों से निरंतर इस कार्यक्रम का आयोजन कर समाज में प्रेरणादायी महिलाओं को मंच प्रदान करता आ रहा है। कार्यक्रम संयोजक रविंद्र हर्ष ने बताया कि महिला दिवस के उपलक्ष्य में इस अवसर पर एक विशेष विचार गोष्ठी भी आयोजित की जाएगी। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन महिलाओं की भूमिका, सशक्तिकरण और समाज में उनकी बढ़ती भागीदारी पर अपने विचार व्यक्त करेंगे।
कार्यक्रम के सह-संयोजक ज्योति प्रकाश रंगा एवं अनिल जोशी ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी बीकानेर सहित प्रदेश की उन चुनिंदा महिलाओं को सम्मानित किया जा रहा है, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर समाज और प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
इसके लिए एक आयोजन समिति का गठन किया गया है। समिति में पुष्पा देवी, सुरेंद्र कुमार बद्धाणी, बसंत नौलखा, रामरतन धारणीया, पवन मेहनोत, मुदित खंजाची और डॉ. विकास परीक सहित कई गणमान्य व्यक्तियों को शामिल किया गया है। समिति के सदस्य कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और संचालन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
फाउंडेशन की निदेशक पूजा आचार्य ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना तथा महिला शक्ति को सम्मान और प्रोत्साहन प्रदान करना है। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद, उद्यमी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।

