RudraNewsExpress_Logo

Bikaner: एक परिवार, 37 आपराधिक मुकदमे... 1.79 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

 

Rudra News Express Bikaner.

मादक पदार्थों की तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ बीकानेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही परिवार से जुड़े आरोपियों की करीब 1 करोड़ 79 लाख 5 हजार 609 रुपये की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F के तहत फ्रीज कर दिया है। 

जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में 'ऑपरेशन नीलकंठ' के तहत की गई इस कार्रवाई को जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अब तक की प्रमुख कार्रवाइयों में माना जा रहा है।

जानिए परिवार में किस पर, कितने मुकदमे:

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई का मुख्य केंद्र सत्तार अली उर्फ सत्तार भुट्टा और उसके परिवार के सदस्य रहे। पुलिस रिकॉर्ड में सत्तार अली, उसके पुत्र सिकंदर अली, साजिद खान, अनीश और साहिल के विरुद्ध कुल 37 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें सत्तार अली पर 9, सिकंदर अली पर 13, अनीश पर 9 तथा साहिल पर 3 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। सिकंदर अली, साजिद खान और साहिल को हिस्ट्रीशीटर बताया गया है, जबकि सत्तार अली की हिस्ट्रीशीट खोलने की प्रक्रिया भी चल रही है।

इसके अलावा शहजाद अली और उसके पुत्र फिरोज उर्फ जग्गू के खिलाफ भी तीन-तीन आपराधिक मामले दर्ज होने का उल्लेख पुलिस ने किया है।

किन-किन संपत्तियों पर हुई कार्रवाई?

पुलिस ने तस्करी से अर्जित आय से बनाई गई संपत्तियों की पहचान कर सक्षम प्राधिकारी के आदेश के बाद उन्हें फ्रीज कराया। इनमें शामिल हैं:

- भुट्टों का बास और फत्तेपुरा गली स्थित दो आवासीय मकान।
- स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, कृषि उपज मंडी शाखा, बीकानेर में बैंक खाते।
- बैंक खातों में जमा राशि और नकद रकम।
- बीकानेर क्षेत्र में स्थित 3.58 बीघा और 4.32 बीघा कृषि भूमि।

इन सभी संपत्तियों का कुल मूल्य 1,79,05,609 रुपये बताया गया है।

ऑपरेशन नीलकंठ आगे भी रहेगा जारी :

बीकानेर पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन नीलकंठ के तहत जिले के अन्य मादक पदार्थ तस्करों और संगठित अपराधियों की भी पहचान की जा चुकी है। उनकी अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों का पता लगाया जा रहा है और जांच पूरी होने के बाद उनके खिलाफ भी इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी।

आमजन से सहयोग की अपील :

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी और संगठित अपराध से संबंधित कोई भी सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी

FROM AROUND THE WEB