Movie prime

Bikaner panch Gaurav   : 20 अगस्त से तीरंदाजी, अगस्त में मोठ महोत्सव, दिसंबर में भुजिया उत्सव, फरवरी में रोहिड़ा उत्सव
 

 

Rudra News Express Bikaner. 

बीकानेर, जिले में पंच गौरव कार्यक्रम को प्रोत्साहित करने के लिए बीकानेर भुजिया उत्सव, मोठ महोत्सव, रोहिड़ा उत्सव और तीरंदाजी टैलेंट हंट जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे।  जिला कलेक्टर निशांत जैन ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पंच गौरव कार्यक्रम क्रियान्वयन की जिला स्तरीय समिति की बैठक में यह निर्देश दिए।

जिला कलेक्टर ने कहा कि पंच गौरव कार्यक्रम राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम के तहत जिले में एक उत्पाद के रूप में बीकानेरी नमकीन, एक उपज के रूप में मोठ, एक वनस्पति के रूप में रोहिड़ा, एक खेल के रूप में तीरंदाजी तथा एक पर्यटन स्थल के रूप में करणी माता मंदिर का चयन किया गया है। यह पंच गौरव, जिले को नई पहचान दिलाएं, इसे ध्यान रखते हुए जिले में सघन और सतत गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 

20-29 अगस्त तक बीकानेर तीरंदाजी टैलेंट हंट का आयोजन

जिला कलेक्टर ने बताया कि पंच गौरव से जुड़े कार्यक्रमों की शुरुआत 20 से 29 अगस्त तक खेल विभाग की ओर से होने वाले जिला स्तरीय तीरंदाजी टैलेंट हंट के साथ होगी। इसके पहले दो दिन जिला स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता होगी। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को 7 दिनों तक प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा 29 अगस्त को खेल दिवस के अवसर पर इसका समापन होगा। इस दौरान प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत करने के साथ जिले के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के तीरंदाजी खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय पर तीरंदाजी रेंज बनाया जाना प्रस्तावित है। अंतरराष्ट्रीय नॉर्म्स के आधार पर तैयार होने वाली यह रेंज जिले के युवाओं को आगे बढ़ाने के बेहतर अवसर प्रदान करेगी। इसके लिए आवश्यक कार्यवाही अविलंब करने के लिए उन्होंने जिला खेल अधिकारी को निर्देश दिए।

दो दिवसीय मोठ महोत्सव का होगा आयोजन

जिला कलेक्टर ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा 21 और 22 अगस्त को मोठ महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें कृषि विश्वविद्यालय, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, काजरी समेत कृषि से जुडे समस्त संस्थानों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान किसानों को मोठ की विभिन्न किस्मों सहित विभिन्न प्रकार की जानकारी और मार्गदर्शन दिया जाएगा। इस दौरान मोठ से जुड़ी विभिन्न स्टॉल्स भी लगाई जाएगी। उन्होंने कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक को इस संबंध में समस्त तैयारी अविलंब करने के निर्देश दिए।

दिसम्बर में ‘बीकानेरी भुजिया उत्सव' का होगा आयोजन

जिला कलेक्टर ने बताया कि बीकानेरी भुजिया उत्सव भी बड़े स्तर पर मनाया जाना प्रस्तावित है। यह आयोजन बीकानेरी भुजिया निर्माताओं और व्यापारियों के सहयोग से किया जाएगा।
इस दौरान बीकानेरी भुजिया बनाने, पैकेजिंग और विपणन का प्रायोगिक प्रदर्शन और आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। इसको लिए भुजिया व्यापारियों और निर्माताओं को आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही भुजिया उद्योग से जुड़े संवाद भी होंगे। इसके लिए जिला उद्योग संघ की महाप्रबंधक तथा जिला शिक्षा अधिकारी को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

फरवरी में होगा रोहिड़ा उत्सव

जिला कलेक्टर ने बताया कि पांच गौरव के महत्वपूर्ण बिंदु एक वनस्पति के तहत रोहिडा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से फरवरी में आयोजित होने वाले वन मेले के दौरान 'रोहिडा उत्सव' का आयोजन किया जाए। वहीं अगले महीने होने वाले वन महोत्सव के दौरान भी रोहिड़ा को प्रोत्साहित करने वाली गतिविधियां होंगी। जिला कलेक्टर ने बताया कि वन विभाग द्वारा पब्लिक पार्क परिसर में रोहिडा इंटरप्रेटेशन सेंटर तथा नाल में बनने वाली राम वाटिका में 'रोहिड़ा वाटिका' विकसित की जाएगी। यह आने वाले समय में रोहिड़ा के महत्त्व से आमजन को जागरूक करेगी।

बैठक में उप वन संरक्षक  जी.वेंकेटेश, जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिलीप कुमार, संयुक्त निदेशक सांख्यिकी धर्मपाल खींचड़, पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अनिल राठौड़, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र की महाप्रबंधक मंजू नैण गोदारा, जिला खेल अधिकारी सुरेंद्र हर्ष, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक मदनलाल, उद्यानिकी विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत, नगर निगम के अधीक्षण अभियंता पवन बंसल, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक राम गोपाल शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

FROM AROUND THE WEB