Movie prime

Bikaner:  पूरी रात टंकी-पंप हाउस पर डटे रहे लोग, कांग्रेस नेता सुभाष स्वामी की अगुवाई में प्रदर्शन

 

RNE Bikaner.

भीषण गर्मी के बीच शहर की सर्वोदय बस्ती में पिछले डेढ़ महीने से गहराए पेयजल संकट ने अब जनआक्रोश का रूप ले लिया है। नियमित जलापूर्ति की मांग को लेकर मंगलवार रात क्षेत्रवासियों ने नयाशहर टंकी और न्यू मास्टर पंप हाउस पर पूरी रात धरना दिया। कांग्रेस नेता सुभाष स्वामी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा मौके पर डटे रहे।

u

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जलदाय विभाग बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं कर रहा। लोगों ने बताया कि रात में महज दो मिनट पानी छोड़कर सप्लाई बंद कर दी जाती है, जिससे पूरे मोहल्ले में हाहाकार मचा हुआ है। कई परिवारों को पीने के पानी के लिए भी मोटरों और टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

धरने पर बैठे लोगों का कहना था कि विभागीय इंजीनियरों ने घर-घर सर्वे तो किया, लेकिन हालात सुधरने के बजाय और खराब हो गए। सर्दियों में भी मोटर चलानी पड़ती थी, जबकि अब गर्मी में बिजली खर्च बढ़ने के बावजूद पानी नसीब नहीं हो रहा।

'

रातभर चले प्रदर्शन के दौरान लोगों ने टंकी परिसर में ही भोजन और नाश्ते की व्यवस्था की। सुबह होते-होते बड़ी संख्या में और लोग धरने में शामिल हो गए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

FROM AROUND THE WEB