Bikaner Police Action : 250 चालान, शराब पीए हुए लोगों की 26 गाड़ियां जब्त; 79 हिस्ट्रीशीटरों से पूछताछ, 40 पाबंद
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर पुलिस ने रातभर शहर में हथियारबंद ए श्रेणी की नाकाबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान काले शीशे लगे वाहनों, बिना नंबर प्लेट चल रहे वाहनों और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 250 से अधिक चालान काटे गए। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के 26 वाहन जब्त किए गए।
इसके साथ ही एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार पुराने मुकदमों में चालानशुदा आरोपियों और हिस्ट्रीशीटरों के विरुद्ध भी विशेष अभियान चलाया गया। इसमें शहर के सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस ने 79 हिस्ट्रीशीटरों से पूछताछ की। इनमें से 40 के विरुद्ध पाबंद करने की कार्रवाई की गई।
रातभर सड़क पर सैकड़ों पुलिसकर्मी :

दरअसल शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पुलिस की हथियारबंद टीमें तैनात रहीं। वाहनों की तलाशी लेने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। सख्त संदेश दिया कि अपराधियों, यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

