Bikaner Police: नाल थाने के सामने हाइवे पर गाड़ियों की पड़ताल से हड़कंप, कट रहे चालान
Apr 18, 2026, 17:24 IST
RNE Nal-Bikaner.
बीकानेर में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। नाल थाना क्षेत्र के आगे हाइवे पर शनिवार को चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने गुजरने वाले लगभग हर वाहन को रोककर गहन जांच-पड़ताल की। इस दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों के खिलाफ मौके पर ही सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में चालान काटे गए।
अभियान का नेतृत्व कर रहे एएसआई श्रवण कुमार ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देशों के अनुसार यह विशेष चेकिंग ड्राइव चलाया जा रहा है। अभियान में खासतौर पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों, बिना सीट बेल्ट, बिना हेलमेट, ओवरलोडिंग करने वाले और बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने वालों को निशाने पर लिया गया।
हाइवे पर अचानक बढ़ी इस सख्ती से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली। कई चालक नियमों की अनदेखी करते पकड़े गए, जिनके खिलाफ मौके पर चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि सड़क हादसों को रोकने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, क्योंकि नियमों की अनदेखी न केवल चालान का कारण बनती है, बल्कि जानलेवा हादसों को भी न्योता देती है। आगामी दिनों में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे, जिससे हाइवे पर अनुशासन और सुरक्षा दोनों सुनिश्चित की जा सके।

