Bikaner Police : सदर थाने में देवीदान, दिलीप सिंह, मोहन लाल,रोहिताश का अभिनंदन-विदाई
RNE Bikaner.
बीकानेर जिले के चार पुलिस अधिकारियों की सेवानिवृत्ति पर सदर थाना परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। राजस्थान सेवानिवृत पुलिस कल्याण संस्थान के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को भावभीनी विदाई दी गई।
जिलाध्यक्ष मनोहरसिंह लूणा ने बताया कि समारोह में हेड कांस्टेबल देवीदान, दिलीप सिंह, मोहनलाल एवं कांस्टेबल रोहिताश का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी, कार्मिक और उनके परिजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधिकारी हरिराम गहलोत ने की। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा से सेवानिवृत्ति केवल एक औपचारिक प्रक्रिया है, जबकि समाज सेवा का दायित्व जीवनभर चलता रहता है।
प्रदेश महासचिव सलावत खां ने अपने संबोधन में सेवानिवृत्त अधिकारियों के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर विभाग का गौरव बढ़ाया है। संभागीय अध्यक्ष जगमालराम बिस्सु ने सेवानिवृत्त कर्मियों को संस्थान से जुड़े रहकर सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी अरुण आहूजा, श्रीकृष्ण मीणा, बन्ने सिंह, ओमप्रकाश चौधरी सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में जिला सचिव चंवर सिंह राठौड़ ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

