RudraNewsExpress_Logo

Bikaner Police: सदर और रणजीतपुरा क्षेत्र में मकान-प्लॉट से लेकर वाहन और दुकान तक जब्त

 

Rudra News Express Bikaner.

 

नशे के कारोबार से अर्जित काली कमाई पर बीकानेर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पुलिस ने सदर और रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में नशा तस्करी से अर्जित बताई गई 1 करोड़ 41 लाख 85 हजार रुपए की संपत्तियां फ्रीज करवाई हैं। कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत सक्षम प्राधिकारी के आदेश के बाद की गई।

 

हिस्ट्रीशीटर मुराद अली की 01 करोड़ की संपत्ति जब्त

सदर थाना क्षेत्र में महरूनिशां पत्नी मुराद अली, निवासी भुट्टों का बास, बीकानेर से संबंधित 36 लाख रुपए का आवासीय मकान और चुना भट्टा के पास राजीव नगर में 64 लाख रुपए का आवासीय भूखंड फ्रीज किया गया। दोनों संपत्तियों की कुल बाजार कीमत 1 करोड़ रुपए है।

पुलिस के अनुसार महरूनिशां के पति मुराद अली हिस्ट्रीशीटर हैं। उनके खिलाफ 17 मामले दर्ज हैं। उनके पुत्र तालिबान उर्फ तालीमान के खिलाफ 10 और लाडून के खिलाफ 5 प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।

रणजीतपुरा में दो भाइयों की संपत्ति पर कार्रवाई :

रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में पूनमचंद बिश्नोई और प्रेमसुख बिश्नोई की संपत्तियां फ्रीज की गईं। कार्रवाई में महिंद्रा बोलेरो कैंपर, इलेक्ट्रिक स्कूटर, आवासीय मकान, निर्माणाधीन मकान और दुकान शामिल हैं। इन संपत्तियों की कुल कीमत 41 लाख 85 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक पूनमचंद और प्रेमसुख सगे भाई हैं और दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत दो-दो प्रकरण दर्ज हैं।

अब बाकी तस्करों की संपत्ति पर नजर :

पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन नीलकंठ के तहत जिले में मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित आय से बनाई गई अन्य संपत्तियों की भी पहचान की जा रही है। ऐसी सभी संपत्तियों को जल्द फ्रीज करवाने की कार्रवाई की जाएगी।

FROM AROUND THE WEB