Movie prime

Bikaner Police : 34 मुकदमों वाले हिस्ट्रीशीटर प्रदीप कुमार नगरासर की अवैध पाइपलाइन काटी, टैंकरों से बेच रहा था पानी

 
RNE Bikaner
बीकानेर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 34 मुकदमों में नामजद एक हिस्ट्रीशीटर के अवैध पानी कारोबार को ध्वस्त कर दिया। पुलिस ने महाराजा गंगा सिंह यूनिवर्सिटी के पास अवैध रूप से डाली गई पाइपलाइन को काटते हुए पानी सप्लाई नेटवर्क खत्म कर दिया।
जानकारी के अनुसार हिस्ट्रीशीटर प्रदीप कुमार नगरासर ने सरकारी पाइपलाइन में अवैध कनेक्शन कर रखा था और वहां से पानी निकालकर टैंकरों के जरिए बेच रहा था। शिकायतों के बाद पुलिस और पीएचईडी की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

Bikaner

जेसीबी से खुदाई, भारी पुलिस जाब्ता तैनात
कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन की मदद से खुदाई कर अवैध पाइपलाइन को काटा गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे क्षेत्र में काफी हलचल रही। कार्रवाई देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। इस दौरान पीएचईडी के एईएन योगेंद्र कुमार भी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूरे नेटवर्क की जांच कर अवैध कनेक्शन हटाने की प्रक्रिया पूरी की।
सिर्फ गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी पुलिस
सीओ सिटी अनुज डाल ने कहा कि पुलिस अब केवल अपराधियों को गिरफ्तार करने तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि उनके गैरकानूनी धंधों और अवैध आय के स्रोतों को भी खत्म करने की रणनीति पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस ऐसे अपराधियों की संपत्तियों, अवैध कारोबार और आर्थिक नेटवर्क की जानकारी जुटाकर लगातार कार्रवाई कर रही है। आने वाले समय में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के सुपरविजन में की गई।

FROM AROUND THE WEB