Bikaner Police : महिला अपराधों की जांच पर IG सख्त, अधिकारियों की ली क्लास
RNE Bikaner.
बीकानेर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस (IG) ओमप्रकाश ने शुक्रवार को महिला अपराधों की जांच और लंबित मामलों को लेकर रेंज के पुलिस अधिकारियों की सख्त समीक्षा बैठक ली। बैठक में बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों की महिला अपराध अनुसंधान इकाई (SIUCAW) के अधिकारियों को मामलों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
आईजी ओमप्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में महिला उत्पीड़न, दुष्कर्म, घरेलू हिंसा तथा महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। सूत्रों के अनुसार आईजी ने जांच में लापरवाही, लंबित प्रकरणों और कमजोर अनुसंधान पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों की “क्लास” ली तथा स्पष्ट कहा कि महिला अपराधों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखविंदर पाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती नीलम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजकंवर तथा पुलिस उप अधीक्षक संजीव चौहान सहित विभिन्न जिलों के अधिकारी मौजूद रहे।
आईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, पीड़िताओं को समय पर न्याय मिले तथा अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार लाया जाए। साथ ही लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कर नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।

