Bikaner Police Operation Neelkanth : 266 आरोपी गिरफ्तार; 68.84 करोड़ की नशीली सामग्री जब्त
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर, जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 266 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 8 अप्रैल से 19 अगस्त 2026 तक अभियान के दौरान नशीले पदार्थों की तस्करी और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में 214 कार्रवाई की गईं। इनमें तीन नाबालिगों को भी निरुद्ध किया गया है।
SP मृदुल कच्छावा की पहल:
जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाना है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में हेरोइन, स्मैक, अफीम, गांजा, डोडा, एमडीएमए, एमडी और अन्य मादक पदार्थ जब्त किए हैं।
करोड़ों की नशीली सामग्री जब्त :
SP कच्छावा के मुताबिक अभियान के दौरान अब तक जब्त मादक पदार्थों में 23.781 किलो हेरोइन, 772.63 ग्राम स्मैक, 13.132 किलो अफीम, 7.482 किलो गांजा, 890.86 किलो डोडा, 199.94 ग्राम एमडीएमए, 431.10 ग्राम एमडी, 54,010 कैप्सूल और 13 शीशियां शामिल हैं। इसके अलावा मादक पदार्थों की बिक्री से प्राप्त 64 लाख 8 हजार 915 रुपये भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने अभियान के दौरान कार, ट्रक-ट्रेलर, स्कॉर्पियो, मोटरसाइकिल, कैंपर, बोलेरो, थार, फॉर्च्यूनर और टेंपो समेत कई वाहन जब्त किए हैं। कार्रवाई में हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार अब तक जब्त अवैध मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 68 करोड़ 84 लाख 82 हजार 900 रुपये आंकी गई है।
355 मामलों में नष्ट किए नशीले पदार्थ :
पुलिस ने जब्त मादक पदार्थों के निस्तारण की कार्रवाई भी की है। जिला ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी के माध्यम से अब तक 355 अभियोगों में जब्त अवैध मादक पदार्थ, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 40 करोड़ 47 लाख 79 हजार रुपये थी, नियमों के अनुसार नष्ट किए गए। इसके अतिरिक्त 64 अभियोगों में जब्त करीब 44.698 किलो अवैध अफीम को भी नियमानुसार जमा करवाया गया।
नशे की कमाई से अर्जित संपत्ति पर भी कार्रवाई :
ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों पर भी कार्रवाई की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार विभिन्न मामलों में मकान, दुकान, कृषि भूमि, बैंक खातों और अन्य संपत्तियों को कार्रवाई के दायरे में लिया गया। इस कार्रवाई के तहत दर्ज संपत्तियों की कुल कीमत करीब 3 करोड़ 20 लाख 90 हजार 609 रुपये बताई गई है।
जागरूकता अभियान भी जारी :
बीकानेर पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। पुलिस थानों की ओर से बैठकें आयोजित कर आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए कुश्ती, दंगल और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
महिला चौपालों के माध्यम से भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी तथा शिक्षण संस्थानों, सरकारी कार्यालयों और निजी संस्थानों में व्याख्यान व सेमिनार आयोजित किए जा रहे हैं।
बीकानेर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों की तस्करी या इससे जुड़े संगठित अपराध की जानकारी पुलिस के साथ साझा करें। पुलिस ने कहा है कि हेल्पलाइन पर सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

