Movie prime

बीकानेर में बाल श्रम पर पुलिस का बड़ा एक्शन, दो जगह छापेमारी कर दो बाल श्रमिकों को कराया मुक्त

 

RNE, BIKANER.

बीकानेर में ऑपरेशन मुस्कान-7 के तहत महिला अपराध अनुसंधान सैल ने बाल श्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोटगेट थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों से दो बाल श्रमिकों को मुक्त कराया। दोनों बच्चों को पुनर्वास के लिए बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया है।

यह कार्रवाई अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, राजस्थान जयपुर के निर्देश और बीकानेर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (महिला अपराध अनुसंधान) सुभाष गोदारा के सुपरविजन में की गई।
पहली कार्रवाई रेलवे बाजार स्थित जी. कॉम्पलेक्स के पास एक निजी प्लेसमेंट सेंटर पर की गई, जहां से एक बाल श्रमिक को मुक्त कराया गया। मामले में संबंधित संचालक के खिलाफ कोटगेट थाने में बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 की धाराओं 3, 7, 11 और 14, किशोर न्याय (जेजे) अधिनियम, 2015 की धारा 79 तथा बीएनएसएस 2023 की धारा 146 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक रूपलता, सहायक उपनिरीक्षक शिरोपालराम और कांस्टेबल रामनिवास शामिल रहे।
दूसरी कार्रवाई रानी बाजार स्थित के.जी. कॉम्पलेक्स के पास विजय रिपेयरिंग सेंटर पर की गई, जहां से भी एक बाल श्रमिक को मुक्त कर बाल कल्याण समिति के सुपुर्द किया गया। दुकान संचालक के खिलाफ बाल श्रम अधिनियम की धाराओं 3क, 7, 11 और 14, जेजे एक्ट 2015 की धारा 79 तथा बीएनएस 2023 की धारा 146 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इस टीम में पुलिस निरीक्षक रेणूबाला, सहायक उपनिरीक्षक शिशपालराम और कांस्टेबल रामनिवास शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान-7 के तहत बाल श्रम और बाल शोषण के मामलों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

FROM AROUND THE WEB