Bikaner : पानी ठहराव से मिलेगी मुक्ति, 59.10 करोड़ मिले, 03 जगह काम शुरू, 18 महीने में बदलेगी शहर की तस्वीर
May 8, 2026, 16:54 IST
RNE Bikaner.
हर बारिश में जलभराव और गंदे पानी की समस्या से जूझने वाले बीकानेरवासियों के लिए राहतभरी खबर है। शहर के विभिन्न इलाकों में बरसाती पानी के ठहराव की समस्या के समाधान के लिए राज्य सरकार ने 59.10 करोड़ रुपए की स्वीकृति जारी कर दी है। राशि मिलते ही नगर निगम ने तीन स्थानों पर कार्य भी शुरू करवा दिए हैं।
नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी ने बताया कि शहरी क्षेत्र में बरसाती पानी का ठहराव लंबे समय से बड़ी समस्या बना हुआ है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को देखते हुए राज्य सरकार ने वर्ष 2024-25 के बजट में 100 करोड़ रुपए की लागत से कार्य करवाने की घोषणा की थी। पहले चरण में 59.10 करोड़ रुपए के कार्यों को मंजूरी दी गई है।

जिला कलेक्टर की समीक्षा के बाद मिली गति :
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि हाल ही में जिला कलेक्टर द्वारा नगर निगम और बीकानेर विकास प्राधिकरण (BDA) अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों की समीक्षा की गई थी। इसके बाद राज्य सरकार के आपदा नियंत्रण, राहत एवं नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा राशि जारी की गई और 6 मई से तीन स्थानों पर काम शुरू कर दिया गया।

इन प्रमुख परियोजनाओं पर होगा काम :
- वल्लभगार्डन में 20 MLD क्षमता का सीवेज पंपिंग स्टेशन
- सुजानदेसर में 12 MLD का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP)
- खुदखुदा आश्रम जाने वाले नाले की जगह नया नाला निर्माण
- शहर के प्रमुख नालों की सफाई और सुधार कार्य
सफाई शुरू, 18 महीने में काम पूरा :
नगर निगम के अनुसार सुजानदेसर में STP निर्माण तथा निगम कार्यालय और PBM अस्पताल क्षेत्र के नालों की सफाई का कार्य 6 मई से शुरू भी कर दिया गया है। नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी ने जिला कलेक्टर के निर्देश पर कार्यस्थलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सभी कार्य चरणबद्ध तरीके से किए जाएंगे और लगभग 18 महीनों में पूरे कर लिए जाएंगे।
इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर के कई इलाकों में बरसात के दौरान होने वाले जलभराव, गंदगी और आवागमन की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

