बीकानेरवासियों के लिये अच्छी खबर : 240 करोड़ से पांच आईटीआई का होगा उन्नयन, राजसखी सेंटर , रूरल वूमन बीपीओ से महिलाओं को मिलेगा नया मंच
RNE Bikaner.
बीकानेर जिले में उच्च शिक्षा, कौशल विकास और महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने वाली कई महत्वपूर्ण योजनाएं जल्द धरातल पर उतरने जा रही हैं। जिला कलेक्टर निशांत जैन ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक में बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को इनके शीघ्र क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
डूंगर कॉलेज में जर्मन, महारानी कॉलेज में स्पेनिश भाषा का अध्ययन :
उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान श्री डूंगर कॉलेज के प्राचार्य प्रो. ब्रजरत्न जोशी ने बताया कि बजट घोषणा 2025-26 के तहत विदेशी भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत श्री डूंगर कॉलेज में जर्मन भाषा तथा महारानी सुदर्शना कॉलेज में स्पेनिश भाषा के अध्ययन केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं। जून माह के अंत तक दोनों भाषाओं के चार माह अवधि वाले ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स शुरू कर दिए जाएंगे।
सरकारी महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए कोर्स शुल्क 1,000 रुपए तथा अन्य विद्यार्थियों के लिए 2,000 रुपए निर्धारित किया गया है। प्रत्येक केंद्र पर 30 से 70 सीटें उपलब्ध रहेंगी।
डूंगर कॉलेज में जल्द शुरू होंगे MBA-MCA :
प्रो. जोशी ने बताया कि डूंगर कॉलेज में एमबीए और एमसीए पाठ्यक्रम शुरू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। एआईसीटीई से स्वीकृति मिलते ही आगामी माह से इन पाठ्यक्रमों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
240 करोड़ से पांच आईटीआई संस्थानों का होगा आधुनिकीकरण :
तकनीकी शिक्षा विभाग के उपनिदेशक कैलाश शर्मा ने बताया कि केंद्र सरकार की पीएम सेतु योजना के तहत बीकानेर संभाग मुख्यालय को शामिल किया गया है। इसके अंतर्गत जिले की पांचों आईटीआई संस्थाओं का लगभग 240 करोड़ रुपए की लागत से उन्नयन किया जाएगा। योजना के तहत बीकानेर हब आईटीआई पर 80 करोड़ रुपए, नोखा, पांचू, छत्तरगढ़ और महिला आईटीआई पर 40-40 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा आगामी वर्ष से आईटीआई बीकानेर में सेमीकंडक्टर टेक्नीशियन और सीएनसी मशीनिंग टेक्नीशियन ऑपरेटर जैसे आधुनिक रोजगारपरक कोर्स भी शुरू किए जाएंगे।
महिलाओं को मिलेगा संभाग स्तरीय व्यापारिक मंच :
राजीविका की कार्यकारी जिला परियोजना प्रबंधक ऋतुराज महला ने बताया कि श्रीगंगानगर सर्किल के निकट पुराने डीआरडीओ भवन में संभाग स्तरीय राजसखी सेंटर स्थापित किया जाएगा। यहां स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने उत्पादों का प्रदर्शन, विपणन और प्रचार-प्रसार कर सकेंगी।
पंचशती सर्किल के पास रूरल वूमन बीपीओ :
बजट घोषणा के तहत बीकानेर में रूरल वूमन बीपीओ सेंटर भी स्थापित किया जाएगा। इसके लिए पंचशती सर्किल के पास भूमि आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस केंद्र के माध्यम से महिलाओं को विभिन्न ट्रेड्स में प्रशिक्षण, उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और ऑनलाइन मार्केटिंग का अवसर मिलेगा।
बैठक में जिला कलेक्टर निशांत जैन ने रोडवेज, खेल, पुलिस, सीएडी, डेयरी, पर्यटन और रीको सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए बजट घोषणाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) उम्मेद सिंह रतनू, प्रशिक्षु आईएएस मनु गर्ग, बीकानेर विकास प्राधिकरण के सचिव ऋषि सुधांश पांडे, कोषाधिकारी धीरज जोशी, राजीविका के जिला प्रबंधक मणिशंकर हर्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

