Movie prime

Bikaner School News : 30 जून तक गर्मी की छुट्टियां करने की मांग

शिक्षक संघ शेखावत (एसटीएफआई) ने दिया ज्ञापन 

 

RNE Bikaner.

राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत (एसटीएफआई) ने शिक्षकों और विद्यार्थियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर राज्य सरकार के समक्ष मांगों का पुलिंदा रखा है। संगठन ने मांग की है कि ग्रीष्मकालीन अवकाश की पूर्व व्यवस्था बहाल करते हुए नया शैक्षणिक सत्र 1 जुलाई से शुरू किया जाए।

प्रांतीय आह्वान पर मंगलवार को संगठन की बीकानेर नगर और देहात इकाइयों ने अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, बीकानेर को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न लंबित मुद्दों के समाधान की मांग की।

नगर अध्यक्ष मनीष ठाकुर और मंत्री देवेंद्र जाखड़ ने बताया कि ज्ञापन में विद्यालयों में पर्याप्त स्टाफ, बिजली-पानी और कक्षों की व्यवस्था सुनिश्चित करने, पोषाहार (एमडीएम) एवं ट्रांसपोर्ट वाउचर का लंबे समय से बकाया भुगतान जारी करने तथा प्रत्येक विद्यालय में नियमित सफाई कर्मचारी नियुक्त करने की मांग उठाई गई है।

संघ ने सभी संवर्गों के लिए स्थायी स्थानांतरण नीति लागू करने, 1 अप्रैल 2026 तक की डीपीसी प्रक्रिया पूरी करने, नवक्रमोन्नत विद्यालयों में पदों की वित्तीय स्वीकृति जारी करने और 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए टेट अनिवार्यता के मुद्दे का न्यायसंगत समाधान करने की भी मांग की है।

इसके अलावा नव चयनित शारीरिक शिक्षकों के स्थायीकरण आदेश जारी करने, आरजीएचएस योजना को निरंतर जारी रखने तथा वित्त विभाग के 2 जून को जारी पे-प्रोटेक्शन संबंधी आदेश की समीक्षा कर शिक्षकों से की जा रही वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।

देहात संयोजक महेंद्र सिंह पंवार और सह संयोजक नाजरा परवीन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन व्यापक और तीव्र आंदोलन शुरू करेगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।

ज्ञापन देने वाले प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह भाटी, जिला मंत्री अरुण गोदारा, प्रदेश मंत्री संजय पुरोहित, प्रदेश उपाध्यक्ष हुक्माराम झोरड़, संरक्षक रेवंतराम गोदारा, उप सभाध्यक्ष श्याम देवड़ा, विजय सिंह राजपूत, अनिल गौड़, हरि सुथार और ताराप्रकाश मोयल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।a

FROM AROUND THE WEB