Bikaner Spa Raid : जोशीवाड़ा इलाके में Spa पर दबिश, MLA जेठानन्द व्यास मौके पर पहुंचे, अनैतिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा
RNE Bikaner.
बीकानेर के जोशीवाड़ा इलाके में मंगलवार देर रात एक Spa पर पुलिस ने दबिश दी। यहां से दो युवतियों और एक युवक को हिरासत में लिया। दरअसल इस इलाके में Spa के नाम पर अनैतिक काम होने की आशंका जताते हुए लोगों ने आक्रोश जताया था। मंगलवार रात जब यह कार्रवाई हुई उस वक्त विधायक जेठानन्द व्यास भी इस क्षेत्र में एक कार्यक्रम में मौजूद थे। लोगों ने उनके सामने भी इस मसले पर नाराजगी जताई। ऐसे में मौके पर पहुंचे व्यास ने सख्त कार्रवाई करने और ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की हिदायत दी।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित एक स्पा सेंटर पर अचानक दबिश देकर कार्रवाई की। दो युवतियों और एक युवक को हिरासत में लिया है। कोटगेट के पास संचालित स्पा सेंटर के बाहर एक युवक कार में बैठkar स्पा में मौजूद युवतियों के संबंध में मोलभाव कर रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने पुलिस को इसकी सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही सीओ सिटी अनुज डाल के नेतृत्व में कोतवाली थाना पुलिस महिला जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची और स्पा सेंटर में दबिश दी। पुलिस ने मौके से दो युवतियों को पकड़ा, जबकि मोलभाव कर रहा युवक को भी हिरासत में लिया। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
यहां के बाशिंदों का कहना है इसी क्षेत्र में पूर्व में भी स्पा सेंटर संचालित होने को लेकर पुलिस कार्रवाई कर चुकी है, लेकिन इसके बावजूद इस तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है।

