Movie prime

Bikaner : श्रीरामशरणम् बीकानेर का 11वां स्थापना दिवस 10 जुलाई को, श्री सुंदरकांड पाठ का होगा भव्य आयोजन

 

RNE, BIKANER.

श्रीराम नाम के प्रचार-प्रसार एवं भक्तों में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के उद्देश्य से संचालित श्रीरामशरणम्, बीकानेर अपना 11वां स्थापना दिवस श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ शुक्रवार, 10 जुलाई को मनाएगा। इस पावन अवसर पर श्री सुंदरकांड पाठ का विशेष आयोजन किया जाएगा।
श्रीरामशरणम् के सचिव सोनू गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 10 वर्षों से प्रतिदिन श्रीरामशरणम् में भगवान श्रीराम की भक्ति, सत्संग, नाम-स्मरण एवं भजन-कीर्तन का नियमित आयोजन होता आ रहा है। इसी अखंड भक्ति परंपरा के 11वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सामूहिक श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन रखा गया है।
उन्होंने बताया कि सुंदरकांड का पाठ श्रद्धालुओं के जीवन में सुख, शांति, आत्मबल एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। भगवान श्रीराम एवं पवनपुत्र हनुमान जी की कृपा प्राप्त करने तथा जीवन के संकटों के निवारण के लिए सुंदरकांड का विशेष महत्व माना गया है। आयोजन के दौरान श्रद्धालु सामूहिक रूप से श्रीहनुमान जी की आराधना करेंगे तथा श्रीराम नाम का गुणगान करेंगे।
कार्यक्रम सायं 4:30 बजे से 7:00 बजे तक श्रीरामशरणम्, बीकानेर में आयोजित होगा। आयोजन समिति ने सभी साधकों, श्रद्धालुओं एवं रामभक्तों से सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस आध्यात्मिक आयोजन में भाग लेने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
समिति ने कहा कि स्थापना दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि श्रीराम भक्ति, सेवा, सत्संग एवं आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति समर्पण का प्रतीक है। सभी श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया गया है।

FROM AROUND THE WEB