Bikaner: रंगकर्मियों ने टाउन हाल किराए को ले कर विधायक सिद्धि कुमारी व जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
RNE, BIKANER.
टाउन हॉल के किराए में की गई अप्रत्याशित वृद्धि को वापस लेने तथा पूर्व निर्धारित किराया यथावत रखने की मांग को लेकर पिछले सात माह से आंदोलनरत रंगकर्मियों, साहित्यकारों एवं संगीत कलाकारों ने आज बीकानेर पूर्व की विधायक सिद्धि कुमारी तथा जिला कलेक्टर से मुलाकात कर अपनी व्यथा को साझा करते हुवे टाउन हाल के बढ़े किराए को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की माँग की । प्रतिनिधि मंडल ने विधायक सिद्धि कुमारी अवगत कराया कि को टाउन हॉल के बढ़े हुए किराए से कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है तथा पिछले सात माह से टाउन हाल में मंचित होने वाली नाट्य गतिविधियां पूरी तरह से ठप्प पड़ी हैं । यूनिट के संयोजक अभिषेक आचार्य ने बताया कि विधायक सिद्धि कुमार ने जिला कलेक्टर से दूरभाष पर बात कर प्रतिनिधि मंडल द्वारा दिए गए ज्ञापन पर अपनी टिप्पणी अंकित करते हुवे रंगकर्मियों की माँग से सहमति जताते हुए निस्तारण की बात कही । इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने ज़िला कलेक्टर निशांत जैन से मुलाक़ात कर टाउन हाल किराए वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की माँग की । संयोजक ने बताया कि ज़िला कलेक्टर ने उनकी बात को गंभीरता से सुना तथा इस संबंध मे सकारात्मक रूख दिखाते हुए तत्काल बढ़े हुवे किराए में राहत देने का आश्वासन दिया । प्रतिनिधि मंडल में वरिष्ठ रंगकर्मी विजय सिंह राठौड़ , रमेश शर्मा, सुरेश हिंदुस्तानी, विनोद पारीक, सुरेश पूनिया , उत्तम सिंह, आमिर हुसैन, अनिल बांधड़ा, रोहित वाल्मीकि , विकास शर्मा, विजय सिंह शेखावत , दीपांकर चौधरी सहित अन्य कलाधर्मी थे ।

