Bikaner : ग्रामीण सेवा शिविर में तत्काल बना "विमला" का जन्म प्रमाण पत्र, बेटी के भविष्य की राह हुई आसान
RNE, BIKANER.
जन्म पत्र बनवाने के लिए सरकारी दफ्तरों में घंटों खड़े रहने वाले आम लोग के लिए यह तस्वीर बहुत खास है। दरअसल राजस्थान सरकार के जन कल्याण शिविर के अंतर्गत आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 में आमजन को त्वरित एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के तहत पंचायत समिति पूगल की ग्राम पंचायत हनुमान नगर में बुधवार को आयोजित शिविर में एक परिवार को मौके पर ही बड़ी राहत मिली।
उपखंड अधिकारी दिव्या बिश्नोई ने बताया कि ग्राम पंचायत हनुमान नगर निवासी ईमी चंद ने अपनी पुत्री विमला का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए शिविर में आवेदन प्रस्तुत किया। शिविर में संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक दस्तावेजों का तत्काल परीक्षण किया गया तथा राजस्व विभाग से मौके पर ही अनुज्ञापत्र जारी करवाया गया। इसके उपरांत ग्राम विकास अधिकारी ने ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर उसी समय जन्म प्रमाण पत्र जारी कर दिया।
अपनी पुत्री का जन्म प्रमाण पत्र प्राप्त होने पर ईमी चंद ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से बिना किसी अनावश्यक भागदौड़ के उनका कार्य तुरंत पूरा हो गया। उन्होंने इसके लिए उपखंड अधिकारी श्रीमती दिव्या बिश्नोई, शिविर प्रभारी एवं तहसीलदार श्री अशोक पारीक, नायब तहसीलदार श्री सुभाष मीणा, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्री मुकेश भारती, सहायक विकास अधिकारी एवं सहप्रभारी श्री हरिराम खांडा सहित संबंधित विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
यह उदाहरण दर्शाता है कि ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के माध्यम से आमजन को समयबद्ध, सरल एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे लोगों का समय और संसाधन दोनों की बचत हो रही है तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

