RudraNewsExpress_Logo

Bikaner Water Crisis: 30 महीने से पानी कनेक्शन का इंतजार, गंगाशहर में धरने पर बैठे लोग

 

Rudra News Express Bikaner.

एक और सावन के महीने में भी बीकानेर शहरवासी अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं वहीं कई इलाकों के घरों में नल से भी पानी नहीं आ रहा। ऐसी ही परेशानी से जूझ रहे गंगाशहर क्षेत्र की चोपड़ा बाड़ी के लोगों का सब्र आखिरकार टूट गया। पिछले करीब 30 महीनों से पेयजल कनेक्शन नहीं मिलने से परेशान क्षेत्रवासियों ने गंगाशहर स्थित जलदाय विभाग की टंकी पर धरना शुरू कर दिया। लोगों का आरोप है कि बार-बार ज्ञापन देने और विभाग के चक्कर लगाने के बावजूद अब तक कनेक्शन जारी नहीं किए गए।

धरने पर बैठे लोगों ने कहा कि उनके क्षेत्र में पानी की पाइपलाइन बिछाए हुए कई महीने बीत चुके हैं, लेकिन विभाग ने अब तक कनेक्शन नहीं दिए। मजबूरी में परिवारों को महंगे दामों पर निजी टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है।

धरने की सूचना मिलने पर कांग्रेस नेता अरुण व्यास मौके पर पहुंचे। उन्होंने जलदाय विभाग के अधिकारी राजेश पुरोहित से फोन पर बात कर समस्या से अवगत कराया। इसके बाद एईएन और जेईएन से भी चर्चा कर जल्द समाधान की मांग की। व्यास ने कहा कि पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए लोगों को वर्षों तक इंतजार करना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।

विभाग की ओर से एईएन ने प्रदर्शनकारियों को सात दिनों के भीतर समस्या के समाधान का मौखिक आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद धरना समाप्त करने पर सहमति बनी।

प्रदर्शन में ये रहे शामिल :

धरने में नरनारायण स्वामी, गोविंद पुरोहित, चेतन जोशी, महेश भाटी, अशोक भाटी, मुरली गहलोत, सुनील चिंपा, हरिकिशन कुम्हार, हरि सुथार, किशन पुरोहित, किशन दधीच, पवन गुप्ता, माणक भार्गव, घनश्याम, राजेंद्र पुरोहित सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

FROM AROUND THE WEB