Bikaner : रामपुरा की गली संख्या 11 में चार साल से अंतिम छोर तक नहीं पहुंच रहा था पानी, अब समाधान
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर के जलदाय विभाग ने रामपुरा इलाके की गली संख्या 11 में आखिरी छोर तक पानी पहुंचाने का दावा किया है। विभाग के अधिकारियों का कहना है की इस गली के आखरी छोर तक पानी नहीं पहुँचने की समस्या 04 साल से चल रही थी। अब इसका समाधान हुआ है।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता जे.के. चारण ने बताया कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से मौके पर पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण करने के साथ ही गली के अंतिम छोर तक पानी पहुंचने की स्थिति का सत्यापन किया गया। इस दौरान वार्ड संख्या 39 के पार्षद सलमान भी उपस्थित रहे।
समस्या के समाधान के लिए मौके पर पहुंचकर जलापूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा आवश्यक कार्रवाई करते हुए पेयजल आपूर्ति सुचारू करवाई गई। निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि गली के अंतिम छोर पर रहने वाले उपभोक्ताओं तक भी पर्याप्त रूप से पानी पहुंचे। लंबे समय से पेयजल समस्या का सामना कर रहे स्थानीय निवासियों को इससे राहत मिली है।
ऐसे करें शिकायत, होगा समाधान :
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता जे.के. चारण ने बताया कि उपभोक्ता अपनी शिकायतें टोल फ्री नंबर 181 के अतिरिक्त विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 2226454 पर भी दर्ज करवा सकते हैं। इसके अलावा संबंधित क्षेत्र के अधिशासी अभियंता (Ex. En.), सहायक अभियंता (AEN) एवं कनिष्ठ अभियंता (JEN) के मोबाइल नंबरों पर प्राप्त होने वाली शिकायतों पर भी आवश्यक कार्रवाई कर उनका निस्तारण किया जाता है।
उन्होंने बताया कि समाचार पत्रों सहित विभिन्न मीडिया माध्यमों के जरिए सामने आने वाली जनसमस्याओं को भी गंभीरता से लिया जाता है। ऐसी शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित कर समस्या के समाधान का प्रयास किया जाता है। विभाग का उद्देश्य केवल शिकायत प्राप्त करना ही नहीं, बल्कि समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित करना है। इसके लिए आवश्यकता के अनुसार मौके पर निरीक्षण, जलापूर्ति व्यवस्था की जांच तथा शिकायत के निस्तारण के बाद स्थिति का सत्यापन भी किया जाता है। रामपुरा की गली संख्या 11 में पेयजल समस्या का समाधान इसी दिशा में की गई कार्रवाई का उदाहरण है।इसके अलावा भी शिकायत पर तत्काल कार्यवाही की जा रही है।

