Bikaner Water Crisis : महिलाओं ने जलदाय विभाग के दफ्तर में घुसकर कपड़े धोये!
पूर्व नेता प्रतिपक्ष जावेद परिहार ने अधिकारियों को फटकारा
RNE Bikaner.
राजस्थान के बीकानेर से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां जल संकट से जूझ रही महिलाएं जलदाय विभाग के दफ्तर पहुंच गई। इस दफ्तर में अपनी खाली मटकियां फोड़ी। साथ लेकर गए कपड़े भी इसी दफ्तर में बैठकर धोये।
वीडियो देखने के लिए नीचे दिए गए फोटो पर क्लिक करें :
मामला बीकानेर के वार्ड संख्या 55 स्थित गुरुद्वारा कॉलोनी का है। लालगढ़ इलाके के इस क्षेत्रवासी लंबे समय से पानी की किल्लत से जूझ रहे है। नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष, पार्षद जावेद परिहार लगातार अधिकारियों को फोन कर रहे थे। बुधवार को क्षेत्र की महिलाएं उनके पास पहुंची और आक्रोश जताया। ऐसे में मोहल्लेवासियों के साथ परिहार नयाशहर जलदाय विभाग की टंकी स्थित कार्यालय पहुँच गए।
यहां महिलाओं ने जमकर अधिकारियों-कर्मचारियों को कोसा। वार्ड वासी आरती, गुरुमीत, शांति देवी, परमजीत कौर, अमनप्रीत, राजेंद्र कोर, ऊषा ने वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाने की मांग रखी। वे नहीं आए तो इसी दफ्तर के परिसर में बैठकर कपड़े धोने शुरू कर दिया। प्रदर्शन के इस अंदाज की जानकारी मिलते ही अधिकारी हड़बड़ा गए। कांग्रेस नेता जावेद परिहार से बात की। इस इलाके में पानी की सप्लाई आधा घंटा बढ़ाने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही टेल एरिया होने से पानी पहुंचने में परेशानी की बात कही।
कांग्रेस नेता जावेद परिहार ने कहा, लगातार परेशानी झेल रहे लोगों के सब्र का बांध टूट रहा है। आज आश्वासन पर आंदोलन स्थगित किया है। उन अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई करनी चाहिए जो फोन नहीं उठा रहे और लोगों को संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे।