Movie prime

UGPF से बीकानेर की बेटी दीक्षा को मिली 4.90 लाख की मदद, NLSIU में पढ़ाई का सपना होगा साकार

 

RNE Bikaner.

बीकानेर की मेधावी छात्रा दीक्षा टाक (मारू) की उच्च शिक्षा का सपना अब आर्थिक अभाव से नहीं रुकेगा। यूनाइटेड ग्लोबल पीस फाउंडेशन (UGPF) ने दीक्षा को 4 लाख 90 हजार 300 रुपये की सहयोग राशि प्रदान कर उनकी नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी (NLSIU) में प्रथम वर्ष की पढ़ाई का रास्ता आसान बना दिया है।

जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में फाउंडेशन के निदेशक ब्रिगेडियर जितेंद्र सिंह शेखावत ने छात्रा को प्रतीकात्मक चेक सौंपा। इस अवसर पर फाउंडेशन के सलाहकार के.के. बोहरा और दीक्षा के पिता श्याम मारू भी मौजूद रहे।

देशभर में बनाई पहचान

बीकानेर की दीक्षा ने देश की प्रतिष्ठित लॉ प्रवेश परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओबीसी वर्ग में ऑल इंडिया 11वीं रैंक हासिल की। उनकी इस उपलब्धि से न केवल बीकानेर बल्कि पूरे राजस्थान का नाम रोशन हुआ। अब फाउंडेशन ने उनकी प्रथम वर्ष की पूरी फीस वहन कर उनके सपनों को नई उड़ान दी है।

'शिक्षा सम्बल योजना' से मिल रहा सहारा : 

फाउंडेशन ने बताया कि 'शिक्षा सम्बल योजना' के तहत आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा आईएएस, आरएएस और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को निःशुल्क कोचिंग, भोजन और आवास की सुविधा भी दी जा रही है। पिछले दो वर्षों में संस्था करीब एक हजार मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता कर चुकी है। फाउंडेशन के चेयरमैन मेघराज सिंह रॉयल के नेतृत्व में संस्था शिक्षा के साथ-साथ ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण और रोजगार सृजन के क्षेत्र में भी कार्य कर रही है।

संस्था की प्रमुख योजनाएं : 

हॉस्पिटलिटी से हुनर: युवाओं को पेड अप्रेंटिसशिप और प्रशिक्षण।
प्रशिक्षण के बाद 5.4 लाख रुपये तक स्वरोजगार सहायता।
मास रॉयल वेडिंग्स के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के सामूहिक विवाह।
धुन प्रोजेक्ट के जरिए पौधारोपण और जल संरक्षण अभियान।

जेठाणिया में विकसित होगा मॉडल गांव :

फाउंडेशन जोधपुर जिले के जेठाणिया गांव में करीब 100 बीघा भूमि पर एक एकीकृत ग्रामीण विकास मॉडल विकसित कर रहा है, जहां सरकारी कार्यालय, शैक्षणिक संस्थान और नागरिक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। इसे भविष्य के सस्टेनेबल विलेज मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है।

FROM AROUND THE WEB